‼️स्कूटी योजना के लिए विकास भवन में उमड़ी छात्राओं की भीड़!..सर्वर की दिक्कत से वेरिफिकेशन प्रभावित‼️
‼️स्कूटी योजना के लिए विकास भवन में उमड़ी छात्राओं की भीड़!..सर्वर की दिक्कत से वेरिफिकेशन प्रभावित‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर रविवार 22-11-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी छात्राओं को मेरिट के आधार पर स्कूटी उपलब्ध कराने के सरकार के निर्णय के क्रम में रविवार को गाजीपुर के विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं का डॉक्यूमेंट और आधार वेरिफिकेशन कराया जा रहा है।
इस प्रक्रिया के लिए जिले के विकास भवन में सुबह से ही हजारों की संख्या में छात्राएं पहुंचीं। अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंची छात्राओं को उम्मीद है कि योजना के माध्यम से उन्हें स्कूटी मिलेगी, जिससे आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
हालांकि, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण कई छात्राओं के मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे छात्राएं असमंजस में हैं कि उनका वेरिफिकेशन पूरा हुआ है या नहीं। समस्या के समाधान के लिए मौके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी के उपलब्ध नहीं होने से भी छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई छात्राओं को टोकन देकर इंतजार करने का आश्वासन दिया गया।
वहीं, छात्राओं ने इस योजना को लेकर योगी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि स्कूटी मिलने से उनकी उच्च शिक्षा का रास्ता और आसान होगा। अभी पढ़ाई के लिए उन्हें भाई, पिता या परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन स्कूटी मिलने के बाद वे खुद कॉलेज, कोचिंग और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। सरकार की यह पहल केवल आवागमन का साधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।





Comments