⭕सैदपुर ब्लॉक में मनरेगा घोटाले का खुलासा!..फोटो से फोटो अपलोड कर निकाली जा रही फर्जी धनराशि
- alpayuexpress
- Feb 26
- 2 min read
‼️जिम्मेदारों की मिलीभगत‼️
⭕सैदपुर ब्लॉक में मनरेगा घोटाले का खुलासा!..फोटो से फोटो अपलोड कर निकाली जा रही फर्जी धनराशि

संतोष नाई वरिष्ठ पत्रकार
फरवरी गुरुवार 26-2-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर सैदपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा फुलवरिया कला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति को छिपाने के लिए पोर्टल पर फर्जी तरीके से तस्वीरें अपलोड की जा रही हैं। आरोप है कि कार्यस्थल की वास्तविक फोटो के बजाय पहले से उपलब्ध या अन्य स्थानों की तस्वीरें अपलोड कर दी जाती हैं और उसी आधार पर मजदूरी का भुगतान निकाल लिया जाता है। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग खुलेआम हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई मामलों में ऐसे व्यक्तियों के नाम पर भी भुगतान कर दिया गया है, जिन्होंने कभी कार्य किया ही नहीं। इतना ही नहीं, मृतकों तथा गांव से बाहर रह रहे लोगों के नाम पर भी मजदूरी की धनराशि आहरित किए जाने की चर्चा है। यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह पूरा खेल संबंधित ग्राम सचिव, तकनीकी सहायकों और कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा है। ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था होने के बावजूद सिस्टम को दरकिनार कर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से गांव के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना और गांवों में विकास कार्य कराना है, लेकिन यहां यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गबन की गई धनराशि की रिकवरी तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या वास्तव में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाती है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। फिलहाल, फुलवरिया कला ग्राम सभा में मनरेगा घोटाले की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है और ग्रामीण न्याय की आस लगाए बैठे हैं।





Comments