⭕शराब के नशे में बदमाशों ने!..युवक के सिर में मारी गोली,हालत गंभीर,हमलावर फरार
- alpayuexpress
- 1 day ago
- 2 min read
‼️अंधाधुंध फायरिंग से दहला गाज़ीपुर‼️
⭕शराब के नशे में बदमाशों ने!..युवक के सिर में मारी गोली,हालत गंभीर,हमलावर फरार

राहुल पटेल,क्राइम रिपोर्टर
मई गुरुवार 7-5-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर जिले से है जहां पर सुहवल थाना अंतर्गत ताड़ीघाट क्षेत्र में रात करीब 8:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर उसके घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताड़ीघाट निवासी राजू यादव अपने घर के बाहर मौजूद थे, तभी तीन हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के पिस्टल और कट्टे से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में राजू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें सिर के पीछे गोली लगी है, जिसके बाद उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद घायल के परिजनों ने हमलावरों की पहचान बुद्धन सिंह, गांधी सिंह और कुशांक सिंह के रूप में की है। परिजनों का कहना है कि हमले में तीसरा आरोपी कुशांक सिंह था, जिसने सीधे फायरिंग की।
राजू यादव के भाई मनीष यादव ने बताया कि हमलावरों से परिवार की किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी। उनके अनुसार, यह हमला पूरी तरह अचानक और बिना किसी वजह के किया गया है, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
मनीष यादव ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उस समय शराब के नशे में थे। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे ताड़ीघाट क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस तरह की बेखौफ वारदात से स्तब्ध हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।





Comments