‼️वेदियों पर कब्जे से बचने के लिए!..महिलाओं ने निकाला अनोखा तरीका, लक्ष्मी-गणेश करेंगे रखवाली‼️
‼️वेदियों पर कब्जे से बचने के लिए!..महिलाओं ने निकाला अनोखा तरीका, लक्ष्मी-गणेश करेंगे रखवाली‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर सोमवार 9-11-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर दीपावली का पर्व बीतते ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गाजीपुर में गंगा घाटों पर छठ पूजा को लेकर अभी से रौनक दिखाई देने लगी है। ददरीघाट पर महिलाएं गंगा किनारे अपनी-अपनी पूजा की वेदियां बनाने में जुट गई हैं। इस बार इन वेदियों की तैयारी के साथ एक अनोखी परंपरा भी देखने को मिल रही है। दीपावली की पूजा के बाद घरों से निकाली गई पुरानी लक्ष्मी और गणेश की मूर्तियां अब गंगा घाटों पर बनाई जा रही वेदियों की सुरक्षा करती नजर आएंगी।दरअसल, महिलाएं पूरे साल जिन लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को अपने घरों में श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजती हैं, दीपावली के बाद उन्हें गंगा घाटों पर लाकर अपनी बनाई वेदियों पर स्थापित कर देती हैं। महिलाओं का मानना है कि वे इन मूर्तियों को भली-भांति पहचानती हैं। ऐसे में अगले एक सप्ताह तक यही लक्ष्मी-गणेश उनकी वेदियों की रखवाली करेंगे, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति उनकी पूजा की जगह पर कब्जा न कर सके।
आमतौर पर छठ पूजा से तीन दिन पहले गंगा घाटों पर वेदियां बनाई जाती हैं, लेकिन इस बार व्रत करने वाली महिलाओं की बढ़ती संख्या और घाटों पर सीमित जगह को देखते हुए तैयारियां पहले ही शुरू हो गई हैं।

पिछले वर्षों में जगह की कमी के चलते कई बार वेदियों पर लिखे नाम मिटाकर दूसरे लोग अपना नाम लिख देते थे। इससे पूजा के दिन विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती थी। इसी समस्या से बचने के लिए महिलाएं पहले से वेदियां तैयार कर उनकी पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
महिलाओं ने बताया कि आज वेदी बनाने के बाद नहाय-खाय के दिन गंगा घाट पहुंचकर उसे गोबर से लीपेंगी और विधि-विधान से छठ पूजा की शुरुआत करेंगी। यानी दीपावली में जिन लक्ष्मी-गणेश की पूजा से घर में सुख-समृद्धि की कामना की गई, दीपावली के बाद वही मूर्तियां गंगा किनारे छठ पूजा की वेदियों की रखवाली कर एक नई परंपरा और लोक आस्था की अनूठी तस्वीर पेश कर रही हैं।





Comments