top of page
Search

‼️पीजी कॉलेज में कथित अवैध वसूली के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग‼️

alpayuexpress
3 hours ago
3 min read

‼️पीजी कॉलेज में कथित अवैध वसूली के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग‼️

किरण नाई वरिष्ठ पत्रकार

नवम्बर शनिवार 7-11-2026

गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में छात्रवृत्ति हेतु बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर चल रही अवैध वसूली और खुलेआम हो रही लूट के खिलाफ छात्रों का आक्रोश आज सड़क पर फूट पड़ा। दो दिवसीय सफल हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद, आज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने छात्र नेताओं के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। 710 छात्रों के हस्ताक्षर से युक्त ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को भेजा गया, साथ ही एक सप्ताह के अल्टीमेटम के साथ जिलाधिकारी के नाम भी कठोर कार्रवाई की मांग का पत्रक सौंपा गया।

जिलाधिकारी की व्यस्तता के चलते अनुपस्थित रहने पर अपर जिलाधिकारी (ADM) मनीष चौहान को ज्ञापन सौंपा गया। छात्र नेताओं ने प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस प्रशासनिक भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र कड़ा कदम उठाते हुए आमरण अनशन और वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा प्राचार्य महोदय का यह बयान पूरी तरह सफेद झूठ और हास्यास्पद है कि कॉलेज में कोई अवैध वसूली नहीं हो रही है। यदि छात्र गलत बोल रहे हैं और कोई लूट नहीं हुई है, तो कॉलेज प्रशासन अपनी फर्जी शालीनता दिखाने के बजाय हम पर मुकदमा दर्ज कराकर दिखाए। सच यह है कि प्राचार्य अपनी खाल और काले कारनामों को बचाने के लिए मीडिया को गुमराह कर रहे हैं।

   छात्र नेता आकाश चौधरी ने कहा शिक्षकों की आड़ में दलाली और अवैध वसूली का यह गंदा खेल अब और अधिक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले साल कैंपस के अंदर लिखित नोटिस से पैसे लूटे गए और इस बार बाहर की दुकानों पर धंधा चलाया जा रहा है। प्राचार्य या तो इस अवैध कारोबार को तुरंत बंद करें या खुली बहस के सामने आएं।

छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव 'राजन' ने कहा कॉलेज प्रशासन अपनी गर्दन बचाने के लिए कितना भी झूठ का जाल बुन ले, लेकिन 710 छात्रों के हस्ताक्षर इस बात की अकाट्य गवाही हैं कि शोषण हुआ है। प्राचार्य के ये भ्रामक बयान उनकी नाकामी को नहीं छिपा सकते। छात्र अब अन्याय के खिलाफ एक इंच भी पीछे हटने वाले नहीं हैं।

छात्र नेता निलेश बिंद व विकास यादव ने संयुक्त रूप से कहा यह सीधे तौर पर छात्रों के आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का मामला है। कॉलेज प्रशासन छात्रों की जेब पर डाका डालना बंद करे और बायोमेट्रिक प्रक्रिया को तत्काल निशुल्क करे। अगर एक सप्ताह के भीतर हमारी मांगें नहीं मानी गईं, तो छात्र सड़क पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे।

छात्रों कि प्रमुख मांगें और आगामी कदम -

* उच्चस्तरीय जांच कमेटी: महामहिम राज्यपाल व जिलाधिकारी महोदय संज्ञान लेकर एक स्वतंत्र निष्पक्ष जांच कमेटी गठित करें और दोषी प्राचार्य पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करें।

* एक सप्ताह का अल्टीमेटम: 7 दिनों के भीतर अवैध वसूली पूर्णतः बंद हो, बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क की जाए और छात्रों से लूटा गया एक-एक पैसा वापस किया जाए। अन्यथा, छात्र आमरण अनशन पर बैठेंगे।

* परिसर में हो व्यवस्था: छात्रों के मानसिक उत्पीड़न को रोकने के लिए कॉलेज परिसर के भीतर ही बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की निशुल्क और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने और विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, प्रद्युम्न सिंह यादव 'राजन', आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, विकास यादव, अंकित भारद्वाज, विवेक, अखिलेश, पवन , मोहित, अभिमन्यु विश्वकर्मा, अंकित , ऋतिक, सोनू यादव, बागी, विवेक यादव, अमन सहित भारी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

 
 
 

Comments


Subscribe Form

  • YouTube
  • linkedin
  • twitter
  • facebook

©2020 by Alpayu Express. Proudly created with Wix.com

<script data-ad-client="ca-pub-7043038300255779" async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>

google.com, pub-7043038300255779, DIRECT, f08c47fec0942fa0

bottom of page