top of page
Search

‼️विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज!..गाजीपुर में मतदाताओं को ईवीएम का प्रशिक्षण देने के लिए खुले आठ केंद्र‼️

alpayuexpress
3 hours ago
2 min read

‼️विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज!..गाजीपुर में मतदाताओं को ईवीएम का प्रशिक्षण देने के लिए खुले आठ केंद्र‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ

नवम्बर शनिवार 21-11-2026

ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद के मतदाताओं को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में कुल आठ ईडीसी (ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर) केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर पहुंचकर कोई भी मतदाता या आम नागरिक ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की पूरी प्रक्रिया को समझ सकता है और उसका प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता कर बताया कि जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक ईडीसी केंद्र खोला गया है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी एक केंद्र स्थापित किया गया है। इस प्रकार जिले में कुल आठ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र सदर, जखनियां, सैदपुर, मोहम्मदाबाद सहित सभी तहसीलों में स्थापित हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर दो-दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो वहां पहुंचने वाले लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देंगे। मतदाता यह समझ सकेंगे कि मतदान केंद्र पर ईवीएम कैसी दिखाई देती है और बैलेट यूनिट पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के सामने वाला बटन दबाकर किस प्रकार मतदान किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) की कार्यप्रणाली भी समझाई जाएगी। इसके माध्यम से मतदाता यह देख सकेंगे कि जिस प्रत्याशी के पक्ष में उन्होंने बटन दबाया है, उसी प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न वाली पर्ची वीवीपैट की स्क्रीन पर कुछ समय के लिए दिखाई देती है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपनी तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित ईडीसी केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसका उद्देश्य मतदाताओं के मन से ईवीएम को लेकर किसी भी प्रकार की शंका दूर करना और आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोगों की जागरूक एवं जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है।

 
 
 

Comments


Subscribe Form

  • YouTube
  • linkedin
  • twitter
  • facebook

©2020 by Alpayu Express. Proudly created with Wix.com

<script data-ad-client="ca-pub-7043038300255779" async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>

google.com, pub-7043038300255779, DIRECT, f08c47fec0942fa0

bottom of page