‼️मोहर्रम सौहार्द के साथ संपन्न, प्रशासन और जनता के सहयोग से भदोही ने पेश की भाईचारे की मिसाल‼️
- alpayuexpress
- Jun 28
- 3 min read
‼️मोहर्रम सौहार्द के साथ संपन्न, प्रशासन और जनता के सहयोग से भदोही ने पेश की भाईचारे की मिसाल‼️

नेहाल अली ब्यूरो चीफ
जून रविवार 28-6-2026
भदोही:- खबर भदोही जिले से है जहां पर मोहर्रम का पर्व चांद दिखने के दिन से लेकर यौमे आशूरा (10वीं मोहर्रम) तक पूरी शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान शासन-प्रशासन, विभिन्न विभागों, धार्मिक समितियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रहे सिद्दीकी ने पर्व के सफल आयोजन पर प्रशासन, विभिन्न विभागों और जिले की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे भदोही की गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम की पहली तारीख से लेकर यौमे आशूरा तक दुलदुल जुलूस, अखाड़ेदारों एवं ताजिया जुलूसों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और दिशा-निर्देशों का पालन किया। सभी आयोजनों का शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न होना भदोही के इतिहास में एक नई मिसाल कायम करने जैसा है। इससे जिले की सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
सिद्दीकी ने कहा कि पूरे पर्व के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारी लगातार सक्रिय रहे, जिसके चलते कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सजगता और जनता के सहयोग ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सकुशल संपन्न कराया।
उन्होंने बिजली विभाग के कार्यों की भी विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान जहां भी विद्युत आपूर्ति में कोई तकनीकी समस्या या फाल्ट सामने आया, वहां विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बहुत कम समय में बिजली बहाल कर दी। इससे जुलूसों और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके लिए कोटि-कोटि धन्यवाद दिया।
सिद्दीकी ने मोहर्रम पर्व को सफल बनाने में जिलाधिकारी शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, उपजिलाधिकारी अरुण गिरी, क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय, कस्बा चौकी प्रभारी भरत भूषण सिंह सहित जिले में तैनात पुलिस बल एवं बाहर से आई अतिरिक्त पुलिस फोर्स की भूमिका की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि भदोही की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता रही है। इस बार भी हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ पर्व को सफल बनाया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे का सहयोग किया, जिससे सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
सिद्दीकी ने कहा कि किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि आम जनता की जागरूकता और सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। भदोही की समझदार और जिम्मेदार जनता ने शासन-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिस तरह पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने जिले की समस्त जनता को इसके लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अंत में उन्होंने दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष अख्तर खान, सभी अखाड़ा समितियों, ताजिया जुलूस समितियों, स्वयंसेवकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल तथा जनपदवासियों को मोहर्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ हर पर्व मनाते रहें, यही ईश्वर से उनकी कामना है।





Comments