‼️मिशन शक्ति 6.0: गाजीपुर के प्रमुख चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात की कमान‼️
‼️मिशन शक्ति 6.0: गाजीपुर के प्रमुख चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात की कमान‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अक्टूबर बुधवार 14-10-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत गाजीपुर में नारी शक्ति का अनूठा रूप देखने को मिला। महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला पुलिसकर्मियों और महिला एनसीसी कैडेट्स ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया और सड़क पर सुचारु आवागमन सुनिश्चित कराया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। मिश्रबाजार चौराहा, लंका मैदान तिराहा, रौजा चौराहा, सैनिक चौराहा और विशेश्वरगंज तिराहा सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात संचालन में भाग लिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मनीष कुमार त्रिपाठी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की मौजूदगी रही।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा रेड लाइट और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और खुद के साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
इस पहल का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं की क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व का संदेश देना भी रहा। महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने जिम्मेदारी के साथ यातायात संभालकर यह दिखाया कि महिलाएं कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में भी प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। मिशन शक्ति और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा विभिन्न क्षेत्रों में आगे आने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स को अनुशासित ढंग से यातायात संभालते देख राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की। नवरात्र के दौरान आयोजित इस अभियान ने महिला सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया।





Comments