‼️मासूमों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता!..गाजीपुर में 141 जर्जर स्कूल भवन ध्वस्त; 55 भवनों पर कार्रवाई बाकी‼️
- alpayuexpress
- 23 hours ago
- 2 min read
‼️मासूमों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता!..गाजीपुर में 141 जर्जर स्कूल भवन ध्वस्त; 55 भवनों पर कार्रवाई बाकी‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
सितंबर मंगलवार 1-9-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर म 141 खतरनाक विद्यालय भवन ध्वस्त, 55 पर अगले 2-3 दिनों में होगी कार्रवाई; बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग का बड़ा कदम गाजीपुर में बेसिक शिक्षा विभाग की कार्रवाई इन दिनों सिर्फ जर्जर इमारतों को गिराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन हजारों मासूम बच्चों की जिंदगी और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश है, जो रोजाना किताबों और सपनों के साथ स्कूल पहुंचते हैं।

529 विद्यालयों के असेसमेंट के लिए कागजात भेजे गए थे। जांच में 46 विद्यालय मरम्मत योग्य पाए गए, जबकि 483 विद्यालय जर्जर घोषित किए गए। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर सामने आए कई विद्यालयों के वीडियो ने भी इन भवनों की बदहाल स्थिति को लोगों के सामने ला दिया था। इन इमारतों को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो किसी दिन कोई दीवार या छत मासूम बच्चों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।
विस्तृत सर्वे के बाद 196 विद्यालय भवन ऐसे पाए गए, जिन्हें तत्काल ध्वस्त किया जाना जरूरी था। विभाग ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू की और अब तक 141 विद्यालय भवनों को पूरी तरह ध्वस्त कराया जा चुका है।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि कुछ विद्यालय ऐसे स्थानों पर हैं, जहां जेसीबी मशीन का पहुंचना मुश्किल है। ऐसे भवनों को मजदूरों की मदद से सुरक्षित तरीके से गिराया जा रहा है। शेष 55 जर्जर भवनों को अगले 2 से 3 दिनों में ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा गया है।कभी इन्हीं दीवारों के बीच किसी बच्चे ने पहली बार 'क ख ग' लिखा होगा, किसी ने जिंदगी में आगे बढ़ने का सपना देखा होगा और किसी ने शिक्षक से पूछकर अपने भविष्य की राह तलाश की होगी। लेकिन जब वही दीवारें बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाएं, तो उन्हें गिराना जरूरी हो जाता है। क्योंकि स्कूल की दीवारें दोबारा बनाई जा सकती हैं, लेकिन किसी मासूम की जिंदगी वापस नहीं लाई जा सकती।





Comments