‼️गंगा उफान पर, बायपास मार्ग बंद!..12 हजार ग्रामीणों को अलर्ट रखने के लिए टेलीग्राम ग्रुप‼️
- alpayuexpress
- 3 hours ago
- 2 min read
‼️गंगा उफान पर, बायपास मार्ग बंद!..12 हजार ग्रामीणों को अलर्ट रखने के लिए टेलीग्राम ग्रुप‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
सितंबर मंगलवार 1-9-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। इसी बीच गाजीपुर में भी गंगा एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाने लगी हैं। पिछले दिनों जलस्तर में कमी आने के बाद अब गंगा का पानी दोबारा तेजी से बढ़ रहा है। मौजूदा समय में गंगा 63.260 मीटर पर बह रही हैं, जबकि खतरे का निशान 63.105 मीटर है। यानी गंगा खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुकी हैं और करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है।गाजीपुर की सात तहसीलों से होकर करीब 95 किलोमीटर की दूरी में गंगा बहती हैं। ऐसे में जलस्तर बढ़ने के साथ नदी किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। रेवतीपुर ब्लॉक के कई गांवों और संपर्क मार्गों तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। कई जगह लोग इसी पानी के बीच आवागमन करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं खेतों में पानी पहुंचने से फसलों के प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि प्रशासन पहले से ही बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। मां कामाख्या धाम की ओर जाने वाली बायपास सड़क पर बाढ़ का पानी पहुंचने के बाद बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया है। आबादी वाले क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार सचेत किया जा रहा है।
डीएम के मुताबिक किसानों की फसलों का पहले ही बीमा कराया जा चुका है, जिससे बाढ़ के कारण होने वाले कृषि नुकसान में उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रशासन ने करीब 12 हजार ग्रामीणों का टेलीग्राम ग्रुप बनाया है, जिसके जरिए जरूरी सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जा रहा है।
बाढ़ प्रभावित तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। फिलहाल गंगा का बढ़ता जलस्तर प्रशासन के साथ-साथ नदी किनारे बसे लोगों के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है।





Comments