‼️मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर!..स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का डीएम कार्यालय पर धरना‼️
‼️मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर!..स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का डीएम कार्यालय पर धरना‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अक्टूबर गुरुवार 1-10-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर एक तरफ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गांव-गांव में स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ इन्हीं समूहों से जुड़ी महिलाएं अब अपने काम और मानदेय को लेकर विरोध के लिए सड़क पर उतर आई हैं।
गाजीपुर में समूह सखी, आजीविका सखी, स्वास्थ्य सखी और अन्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठकर मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि उनसे सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न जिम्मेदारियों के तहत काम लिया जाता है, लेकिन इसके बदले उन्हें महज ₹2000 प्रतिमाह मानदेय मिलता है। उनका कहना है कि इसी राशि में उन्हें अपने घर से कार्यस्थल तक आने-जाने का किराया, मोबाइल रिचार्ज और काम से जुड़े अन्य खर्च भी वहन करने पड़ते हैं। ऐसे में इतनी कम राशि में काम करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन में बैंक सखी भी शामिल रहीं। महिलाओं के मुताबिक बैंक सखियों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़े काम में काफी समय देना पड़ता है। इसके बावजूद उन्हें करीब ₹4000 मानदेय ही मिलता है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि जिम्मेदारियां बढ़ती जा रही हैं, लेकिन मानदेय में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। महिलाओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मानदेय बढ़ाने और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।





Comments