महाहर धाम में महाशिवरात्रि पर!...उमड़ा आस्था का सैलाब,हजारो श्रद्धालुओं ने किया शिवलिंग पर जलाभिषेक
- alpayuexpress
- 4 hours ago
- 2 min read
महाहर धाम में महाशिवरात्रि पर!...उमड़ा आस्था का सैलाब,हजारो श्रद्धालुओं ने किया शिवलिंग पर जलाभिषेक

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
फरवरी सोमवार 16-2-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक महाहर धाम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने महाहरधाम में शिवलिंग पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं मांगी। दरअसल त्रेतायुगकालीन आस्था के प्रमुख केंद्र महाहर धाम में महाशिवरात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज सुबह भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर रात 10 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान भक्तों ने विधि-विधान से महाहरधाम के गर्भगृह में जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाहर धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्राचीन केंद्र है। मान्यता है कि यह स्थल श्रवण कुमार की ऐतिहासिक घटना से जुड़ा है, जिसका उल्लेख रामायण में मिलता है। सरवनडीह गांव के समीप स्थित यह धाम सावन और महाशिवरात्रि पर विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाता है। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात है। जिससे जलाभिषेक की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। इसी दौरान गाजीपुर के जंगीपुर विधानसभा के विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने समर्थकों संग दुग्धाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि सनातन आस्था का महापर्व है और बाबा भोलेनाथ अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर सात दिवसीय मेले का भी शुभारंभ हुआ है। मेले में बच्चों के खिलौने, घरेलू सामान और खानपान की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। भक्ति, उल्लास और सुरक्षा के बीच महाहर धाम में मनाया जा रहा यह महाशिवरात्रि पर्व आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम बन गया।








Comments