‼️गंगा के बढ़ते जलस्तर से घाट डूबे!..बाढ़ से निपटने को प्रशासन तैयार‼️
- alpayuexpress
- 2 hours ago
- 2 min read
‼️गंगा के बढ़ते जलस्तर से घाट डूबे!..बाढ़ से निपटने को प्रशासन तैयार‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त मंगलवार 18-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गंगा के जलस्तर में लगातार तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। गंगा अब करीब 5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते गंगा का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है, जिससे तटवर्ती इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।
गंगा का जलस्तर बढ़ते-बढ़ते 58.150 मीटर तक पहुंच गया है। हालांकि, अभी गंगा खतरे के निशान से करीब पांच मीटर नीचे बह रही है। गंगा का खतरे का निशान 63.105 मीटर निर्धारित है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

गाजीपुर के प्रमुख गंगा घाटों पर पानी तेजी से ऊपर की ओर बढ़ रहा है। घाटों की सीढ़ियों के साथ ही लोगों के बैठने के लिए बनाए गए टेबल तक गंगा का पानी पहुंच चुका है। जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों पर आने-जाने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल गंगा का जलस्तर 58 मीटर के आसपास है। उन्होंने कहा कि लगभग 64 मीटर के जलस्तर तक पहुंचने पर बाढ़ की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता की बात होती है। प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर रखी हैं। लोगों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से करीब 15 दिन पहले जिले की सभी तहसीलों में मॉकड्रिल भी कराई गई थी।
इसके अलावा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की जा चुकी है। प्रशासन का कहना है कि संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी हैं। बावजूद इसके, गंगा के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।





Comments