‼️मऊ विधायक!..अब्बास अंसारी को पुलिस का नोटिस,पैतृक आवास पर ठहरने के आदेश मांगे‼️
- alpayuexpress
- 2 hours ago
- 2 min read
‼️मऊ विधायक!..अब्बास अंसारी को पुलिस का नोटिस,पैतृक आवास पर ठहरने के आदेश मांगे‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
मई सोमवार 25-5-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर मऊ से विधायक अब्बास अंसारी के मोहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास पर प्रवास को लेकर गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस थमा दिया। देर रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच पुलिस और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद की टीम फाटक स्थित उनके पैतृक आवास पहुंची और वहां नोटिस सर्व किया गया। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से अब्बास अंसारी के मोहम्मदाबाद फाटक स्थित पैतृक आवास पर लगातार आकर रात्रि विश्राम करने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। हालांकि इससे पहले उनकी ओर से प्रशासन को यह सूचना दी गई थी कि वह 13 मई को यहां पहुंचेंगे, लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी उनके लगातार वहां रहने की गोपनीय जानकारी पुलिस को मिलती रही।
इसी सूचना के आधार पर देर रात पुलिस टीम सक्रिय हुई और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद के नेतृत्व में उनके आवास पर पहुंचकर नोटिस जारी किया गया। पुलिस ने नोटिस में कहा है कि यदि किसी न्यायालय अथवा सक्षम प्राधिकारी के आदेश के तहत वह वहां निवास कर रहे हैं, तो संबंधित आदेश पुलिस को उपलब्ध कराया जाए। अन्यथा उन्हें उक्त स्थान खाली करना होगा।
जानकारी के अनुसार चित्रकूट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट से अब्बास अंसारी को तीन दिन की राहत मिली थी। इसी राहत के आधार पर उनके गाजीपुर में रहने की बात कही जा रही थी। लेकिन पुलिस का कहना है कि अब तक उन्हें कोई वैध दस्तावेज या न्यायालय का आदेश नहीं दिखाया गया है। नोटिस सर्व किए जाने के दौरान भी अब्बास अंसारी की ओर से कोई आदेश प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने उन्हें जवाब देने के लिए एक दिन का समय दिया है। मामले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और मुहम्मदाबाद क्षेत्र में देर रात तक हलचल बनी रही।





Comments