top of page
Search

⭕बिंदु होटल के संचालक विनीत राय की!..होटल गेट पर गोलियों से भूनकर हत्या,चार बदमाश फरार

  • alpayuexpress
  • 1 hour ago
  • 3 min read

‼️एसपी साहब!.."कातिल कौन"?‼️

⭕बिंदु होटल के संचालक विनीत राय की!..होटल गेट पर गोलियों से भूनकर हत्या,चार बदमाश फरार

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ

मई शनिवार 30-5-2026

गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गाज़ीपुर। जनपद मुख्यालय के गौसाबाद क्षेत्र में शुक्रवार की रात हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। गौसाबाद स्थित प्रसिद्ध बिंदु होटल के संचालक विनीत राय की चार नकाबपोश बदमाशों ने होटल के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात को इतनी सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया कि बदमाशों ने पहले होटल के सुरक्षाकर्मी को अपने झांसे में लिया और फिर मौके का फायदा उठाकर होटल मालिक को निशाना बना दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 10:45 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश युवक बिंदु होटल के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे। उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी शंभू यादव से 16 बीयर की मांग की। बातचीत के दौरान उन्होंने कुछ देर बाद 8 बीयर देने की बात कही और भुगतान ऑनलाइन करने का बहाना बनाते हुए गार्ड को होटल के अंदर भेज दिया।

गार्ड शंभू यादव होटल के मैनेजर का मोबाइल लेकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने बाहर आया, लेकिन आरोपियों ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि उनके मोबाइल में पर्याप्त धनराशि नहीं है। इसी दौरान होटल के संचालक विनीत राय खाना खाने के बाद अपने घर जाने के लिए होटल से बाहर निकले। बदमाशों को जैसे इसी क्षण का इंतजार था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही विनीत राय होटल के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। चार गोलियां लगने से विनीत राय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

वारदात के दौरान बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी शंभू यादव पर भी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर होटल के अंदर भाग गए। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक विनीत राय, आलोक राय के पुत्र थे और गौसाबाद स्थित चर्चित बिंदु होटल का संचालन करते थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। जिस तरह बदमाशों ने पहले गार्ड को बहाने से अंदर भेजा और फिर होटल मालिक को निशाना बनाया, उससे साफ है कि हमलावरों ने पहले से पूरी रेकी कर रखी थी। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद, व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और रंगदारी जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने कई संदिग्धों को चिन्हित कर पूछताछ शुरू कर दी है। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है ताकि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस जघन्य हत्या की घटना ने गाज़ीपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के प्रमुख व्यवसायियों और स्थानीय नागरिकों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 
 
 

Comments


Subscribe Form

  • YouTube
  • linkedin
  • twitter
  • facebook

©2020 by Alpayu Express. Proudly created with Wix.com

<script data-ad-client="ca-pub-7043038300255779" async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>

google.com, pub-7043038300255779, DIRECT, f08c47fec0942fa0

bottom of page