‼️फर्जी हस्ताक्षर से एमडीएम की धनराशि निकालने का आरोप,प्रधानाचार्य निलंबित‼️
- alpayuexpress
- 16 hours ago
- 2 min read
‼️फर्जी हस्ताक्षर से एमडीएम की धनराशि निकालने का आरोप,प्रधानाचार्य निलंबित‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त मंगलवार 25-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर बच्चों के हक और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल सिर्फ मिड-डे मील के भोजन का नहीं, बल्कि उन पैसों का है जो सरकार बच्चों के पोषण और उनके बेहतर भविष्य के लिए भेजती है। आरोप है कि सुभाष नगर कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज सिंह ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और मोहर के जरिए कई वर्षों तक एमडीएम की धनराशि की निकासी की। शिकायत नगर पालिका के वार्ड सभासद सनी चौरसिया ने की थी।

शिकायत के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के आधार पर बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्य मनोज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि निकाली गई धनराशि कथित तौर पर उनकी पत्नी के खाते में भी भेजी गई थी।
यह मामला सिर्फ पैसों की हेराफेरी का नहीं, बल्कि उन बच्चों के अधिकार से जुड़ा है जिनकी थाली तक पहुंचने के लिए शासन धन भेजता है। ऐसे में यदि किसी स्तर पर बच्चों के भोजन के बजट में सेंध लगती है तो यह पूरी व्यवस्था के प्रति विश्वास को चोट पहुंचाती है।
डीएम ने बताया कि जिले के करीब 450 विद्यालय क्षतिग्रस्त या जर्जर अवस्था में हैं। जर्जर विद्यालयों को गिराने और नए निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। करीब 2200 विद्यालयों में कायाकल्प का कार्य कराया जा चुका है, जबकि रैपिड सर्वे में मिले 500 से 600 विद्यालयों की शेष कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी प्रशासन की नजर है। जिलाधिकारी ने कहा कि लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मीडिया कर्मियों से विद्यालयों में जाने से पहले संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी या बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुमति लेने की अपील की, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रहें और सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कराया जा सके।





Comments