‼️"पत्रकार" को धमकी मामले में!..एसपी का बड़ा एक्शन,चौकी प्रभारी को किया लाइन हाजिर‼️
‼️"पत्रकार" को धमकी मामले में!..एसपी का बड़ा एक्शन,चौकी प्रभारी को किया लाइन हाजिर‼️

संतोष नाई वरिष्ठ पत्रकार
सितंबर शुक्रवार 25-9-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर सच लिखने और गरीबों व आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकार को कथित तौर पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने भड़सर चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार ललन सिंह यादव, पुत्र स्व. रामलक्षन यादव, ‘समाचार भारत’ के संवाददाता एवं ‘गांव गिराव की खबरें’ के संपादक हैं। बताया गया कि वह लगातार क्षेत्र की जनसमस्याओं, गरीबों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को अपनी खबरों के माध्यम से प्रमुखता से उठाते रहे हैं। आरोप है कि इन्हीं खबरों को लेकर भड़सर चौकी प्रभारी उनसे कथित तौर पर नाराज चल रहे थे। पत्रकार ललन सिंह यादव का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने कुछ ग्रामीणों के सामने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि वह ‘बड़ा पत्रकार बनता है’ और गरीबों की मदद करता है, उसे किसी फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। इस कथित धमकी के बाद पत्रकार और उनका परिवार भय एवं मानसिक तनाव में आ गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए भड़सर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि पत्रकारिता का काम जनता की समस्याओं को सामने लाना और शासन-प्रशासन तक आम लोगों की आवाज पहुंचाना है। ऐसे में खबरों को लेकर किसी पत्रकार को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला गंभीर है।

पत्रकार समाज का आईना:-विजय बहादुर सिंह
मामले पर वामपंथी दल के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर सिंह और वीरेंद्र गौतम ने पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं धमकी की निंदा की। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनता तथा पीड़ितों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यदि जनहित के मुद्दे उठाने पर पत्रकारों को खाकी का भय दिखाया जाएगा तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई।
फिलहाल भड़सर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पुलिस की ओर से आगे की जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हैं।





Comments