‼️नजरबंदी के बाद दीपक उपाध्याय ने!..डाक से भेजा डिप्टी सीएम को स्वास्थ्य सेवाओं का मांग-पत्र‼️
‼️नजरबंदी के बाद दीपक उपाध्याय ने!..डाक से भेजा डिप्टी सीएम को स्वास्थ्य सेवाओं का मांग-पत्र‼️

किरण नाई वरिष्ठ पत्रकार
सितंबर सोमवार 28-9-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर 26 सितंबर को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के गाज़ीपुर आगमन के दौरान जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्र प्रतिनिधियों को पुलिस द्वारा उनके आवास पर नजरबंद किए जाने के बाद अब दीपक उपाध्याय ने उसी मांग-पत्र को आज डाक के माध्यम से उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को भेज दिया। पीजी कॉलेज, गाज़ीपुर के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि 26 सितम्बर को उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जनहित से जुड़ी समस्याओं को उनके संज्ञान में लाने के लिए मांग-पत्र सौंपने का प्रयास किया गया था। लेकिन कार्यक्रम से पूर्व ही पुलिस द्वारा उन्हें एवं उनके साथी छात्र प्रतिनिधियों को आवास पर नजरबंद कर दिया गया। जिसके कारण मांग-पत्र सीधे सौंपा नहीं जा सका।
इसके बाद जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाते हुए 28 सितम्बर को मांग-पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से उपमुख्यमंत्री को भेजा गया है, ताकि गाज़ीपुर की स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याएं शासन के संज्ञान में पहुंच सकें। दीपक उपाध्याय ने कहा कि “हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध करना नहीं, बल्कि गाज़ीपुर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना है। कल ज्ञापन देने से रोका गया, इसलिए आज उसी पत्र को डाक के माध्यम से भेजा गया है। उम्मीद करते है कि शासन स्तर पर इन समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
मांग-पत्र में गाज़ीपुर के ट्रॉमा सेंटर का पूर्ण संचालन, इमरजेंसी में वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी, रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति, महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी की व्यवस्था, 24 घंटे आवश्यक जांच सुविधाएं, दवाओं की उपलब्धता, ऑपरेशन थिएटर का नियमित संचालन, डायलिसिस बेड बढ़ाने, ALS एम्बुलेंस एवं शव वाहन की व्यवस्था, अस्पताल परिसर में पार्किंग व सुरक्षा तथा पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सहित कुल 12 प्रमुख मांगें शामिल हैं।
प्रद्युम्न सिंह यादव राजन ने कहा कि गाज़ीपुर के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए जिला स्तर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मांग-पत्र के माध्यम से संबंधित समस्याओं को शासन के समक्ष रखा गया है और अब इन पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा है।





Comments