⭕डॉ. इराज राजा का बलिया हुआ तबादला!..विनय कुमार सिंह होंगे नए एसपी
⭕डॉ. इराज राजा का बलिया हुआ तबादला!..विनय कुमार सिंह होंगे नए एसपी

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अक्टूबर बुधवार 7-10-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जनपद की पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल हुआ है। गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा का तबादला बलिया कर दिया गया है। वहीं अब गाजीपुर के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विनय कुमार सिंह की तैनाती की गई है। डॉ. इराज राजा के स्थानांतरण के साथ ही जिले की पुलिस व्यवस्था में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। डॉ. इराज राजा जुलाई 2024 से गाजीपुर में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।

डॉ. इराज राजा के कार्यकाल में गाजीपुर पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहीं। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई मामलों में लोगों ने सवाल भी उठाए और कुछ प्रकरणों में धरना-प्रदर्शन तथा विरोध की स्थिति सामने आई। हालांकि, अलग-अलग मामलों में पुलिस और संबंधित पक्षों के अपने-अपने दावे रहे हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल का मूल्यांकन विभिन्न घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई के आधार पर ही किया जा सकता है।
वहीं दूसरी ओर, डॉ. इराज राजा के कार्यकाल में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण कार्रवाई भी कीं। हाल ही में गाजीपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19 पिस्टल और 13 कारतूस बरामद करने का दावा किया था। इस कार्रवाई की जानकारी भी तत्कालीन एसपी डॉ. इराज राजा ने दी थी।
अब नए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के सामने गाजीपुर की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। आगामी त्योहारों, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, लंबित मामलों के निस्तारण और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर नवागत एसपी की कार्यशैली पर जिलेवासियों की नजर रहेगी।
गाजीपुर में पुलिस कप्तान के बदलने के साथ ही पुलिस महकमे में भी नई कार्यशैली और प्राथमिकताओं को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खासकर ऐसे समय में जब जिले में त्योहारों का दौर चल रहा है और आने वाले समय में विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी तेज होंगी, पुलिस प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण चुनौती होगी।
अब देखना यह होगा कि नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह गाजीपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर किस तरह की रणनीति अपनाते हैं और पुलिसिंग में किस प्रकार के बदलाव दिखाई देते हैं। आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा और पुलिस के प्रति जनता का भरोसा बढ़ाना नए पुलिस कप्तान के लिए प्रमुख अपेक्षाओं में रहेगा





Comments