‼️गाजीपुर में 13.28 करोड़ से बन रहा!..राजकीय महिला शरणालय, 50 फीसदी काम पूरा‼️
‼️गाजीपुर में 13.28 करोड़ से बन रहा!..राजकीय महिला शरणालय, 50 फीसदी काम पूरा‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
सितंबर शुक्रवार 18-9-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए गाजीपुर में राजकीय महिला शरणालय का निर्माण कराया जा रहा है। महिला कल्याण विभाग की ओर से तैयार कराया जा रहा यह भवन अब करीब 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। करीब 13 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह शरणालय उन महिलाओं के लिए सुरक्षित आश्रय का माध्यम बनेगा, जिनके सामने रहने के लिए कोई उचित स्थान उपलब्ध नहीं है। घरेलू हिंसा की पीड़ित महिलाओं, न्यायालय के आदेश पर संरक्षण की जरूरत वाली महिलाओं अथवा किसी मजिस्ट्रेट के आदेश से आश्रय दिए जाने वाली महिलाओं को यहां रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए महिला की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होना और न्यायालय अथवा सक्षम मजिस्ट्रेट का आदेश होना जरूरी होगा।
राजकीय महिला शरणालय का उद्देश्य केवल महिलाओं को रहने की जगह उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में उन्हें सुरक्षित वातावरण देना भी है। शरणालय में रहने वाली महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें संकट की स्थिति में असुरक्षित स्थानों पर निर्भर न रहना पड़े। इस भवन में एक साथ करीब 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था की जा रही है। महिलाओं के ठहरने के दौरान उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बताया जा रहा है कि इस भवन का निर्माण वर्ष 2019 में शुरू हुआ था, लेकिन बीच में किन्हीं कारणों से निर्माण कार्य रुक गया था। अब एक बार फिर निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है और तेजी से काम कराया जा रहा है। ऐसे में यह शरणालय घरेलू हिंसा और अन्य परिस्थितियों से जूझ रही वंचित एवं पीड़ित महिलाओं के लिए न्यायालय के संरक्षण को सुरक्षित आश्रय से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण व्यवस्था साबित हो सकता है।





Comments