⭕गांव की राजनीति ने रोका विकास!..जलभराव से जूझते ग्रामीण, पुलिया निर्माण कार्य अटका
- alpayuexpress
- 6 hours ago
- 2 min read
‼️प्रधानी चुनाव से पहले!..विकास पर सियासत भारी‼️
⭕गांव की राजनीति ने रोका विकास!..जलभराव से जूझते ग्रामीण, पुलिया निर्माण कार्य अटका

संतोष नाई ,वरिष्ठ पत्रकार
अप्रैल मंगलवार 14-4-2026
गाज़ीपुर:-ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जिले के जखनिया क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो गांव की राजनीति और विकास कार्यों के बीच चल रही खींचतान को उजागर करता है। प्रधानी चुनाव नजदीक आते ही जहां एक ओर अच्छे काम करने वाले प्रधानों को बदनाम करने की कोशिशें तेज हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर इसका सीधा असर ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं पर पड़ रहा है।
जखनिया-फद्दूपुर मार्ग पर भुडकुड़ा क्षेत्र में लंबे समय से चल रहा पुलिया निर्माण कार्य इन दिनों विवादों के चलते रुका हुआ है। परिणामस्वरूप, क्षेत्र के ग्रामीण जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जिससे आवागमन के साथ-साथ दैनिक जीवन भी प्रभावित होता है।

बताया जा रहा है कि जिला अधिकारी के आदेश पर फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और कई बार शिकायत के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
हाल ही में जब जखनिया विधायक बेदी राम भुडकुड़ा पहुंचे, तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। महिलाओं ने जलभराव की समस्या को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया और तत्काल समाधान की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके से ही जखनिया एसडीएम अतुल कुमार को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीण प्रियंका देवी के अनुसार, यदि सड़क पर पुलिया का निर्माण हो जाए तो जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं, रीता, विजयवती और धनपति सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीति के चलते विकास कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उनका कहना है कि जानबूझकर पुलिया निर्माण को रोका जा रहा है, जिससे पूरे गांव को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्राम प्रधान मदनलाल ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप गांव में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए कई बार तहसील स्तर तक प्रार्थना पत्र दिए हैं।
वहीं विधायक बेदी राम ने आश्वासन दिया कि मामला जिला अधिकारी के संज्ञान में है और जल्द ही पुलिया निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस दिशा में गंभीर है और ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी।
अब देखना यह है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों के बाद कब तक यह पुलिया बन पाती है और ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से निजात मिलती है, या फिर यह मुद्दा भी गांव की राजनीति की भेंट चढ़ जाएगा।





Comments