‼️गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत!..गाज़ीपुर में मातृत्व वंदन योजना के तहत अब तक 5,535 आवेदन प्राप्त‼️
- alpayuexpress
- 23 hours ago
- 2 min read
‼️गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत!..गाज़ीपुर में मातृत्व वंदन योजना के तहत अब तक 5,535 आवेदन प्राप्त‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जुलाई बुधवार 22-7-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और नवजात शिशुओं के समुचित पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना (PMMVY) का लाभ जनपद की पात्र महिलाओं को दिया जा रहा है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के लक्ष्य को साकार करना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने वाली महिला को आवेदन के बाद बच्चे के जन्म पर ₹3,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके बाद बच्चे का पूर्ण टीकाकरण होने पर ₹2,000 की अतिरिक्त सहायता दी जाती है। इस प्रकार पहली संतान पर कुल ₹5,000 का लाभ मिलता है।
इसके अलावा यदि दूसरी संतान बेटी होती है, तो सरकार द्वारा ₹6,000 की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
विभाग ने सभी पात्र गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय या संबंधित विभाग से संपर्क कर समय से आवेदन करें और योजना का पूरा लाभ उठाएं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 25000 लाभार्थियों को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य शासन के दौरान निर्धारित किया गया है जिसमें से अब तक 5535 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।





Comments