खमरिया नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जीतेन्द्र सिंह यादव हुए सेवानिवृत्त!..भावुक विदाई समारोह में छलके चेयरमैन के आंसू
- alpayuexpress
- 15 hours ago
- 2 min read
खमरिया नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जीतेन्द्र सिंह यादव हुए सेवानिवृत्त!..भावुक विदाई समारोह में छलके चेयरमैन के आंसू

नेहाल अली ब्यूरो चीफ
जून गुरुवार 4-6-2026
भदोही:- खबर भदोही जिले से है जहां पर नगर पंचायत खमरिया में बुधवार को एक भावनात्मक और गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी का दायित्व संभाल चुके जीतेन्द्र सिंह यादव के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में नगर पंचायत के कर्मचारियों, सभासदों तथा गणमान्य लोगों ने उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और सौम्य व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान वातावरण उस समय भावुक हो गया जब नगर पंचायत चेयरमैन महमूद आलम ने जीतेन्द्र सिंह यादव के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान नगर पंचायत खमरिया के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री यादव ने अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर एक सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित की। उनके मृदु व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण और सभी को साथ लेकर चलने की शैली ने उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान दिलाई। अपने संबोधन के दौरान चेयरमैन भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
अपने सम्मान समारोह में जीतेन्द्र सिंह यादव ने नगर पंचायत परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खमरिया में कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों से जो प्रेम, सम्मान और सहयोग मिला, उसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की सफलता उसके सहयोगियों और टीम के समर्पण पर निर्भर करती है और उन्हें यहां हमेशा परिवार जैसा माहौल मिला। समारोह के दौरान नगर पंचायत की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, गुलदस्ता तथा धार्मिक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बड़े बाबू श्याम बहादुर पटेल, सभासद शरद प्रजापति, अकील खान, संजय मौर्या, उदय भान मौर्या, मजहर अंसारी, रमेश यादव, जीतेन्द्र मौर्या, कमलेश यादव, रत्नेश, अनिल, शाहिल, दुगेश, कमल मौर्या, राम बिरिछ, इस्तियाक उर्फ गिल्टीहु सहित नगर पंचायत के कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जीतेन्द्र सिंह यादव का प्रशासनिक अनुभव, सरल स्वभाव और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाले अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। समारोह के अंत में सभी लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।





Comments