‼️कोर्ट के सख्त आदेश के बावजूद!..ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, पत्थरगड़ी टली‼️
- alpayuexpress
- 10 hours ago
- 2 min read
‼️कोर्ट के सख्त आदेश के बावजूद!..ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, पत्थरगड़ी टली‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अप्रैल मंगलवार 14-4-2026
गाज़ीपुर:- खबर गाजीपुर जिले से है जहां पर एक बार फिर ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है, जहां कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जमीन विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मामला जमानिया तहसील के मेदनीपुर ग्राम पंचायत का है, जहां ग्रामीणों ने गड़ही (तालाब) की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मेदनीपुर गांव में स्थित खाकी बाबा का मंदिर एक सिद्ध पीठ के रूप में प्रसिद्ध है, जहां गांव समेत आसपास के लोग गहरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। मंदिर के ठीक बगल में एक गड़ही (तालाब) स्थित है, जिसे ग्राम समाज की जमीन बताया जाता है। लेकिन इसी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग इस गड़ही की जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताकर उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में दोनों पक्ष कई बार जिलाधिकारी कार्यालय और एसडीएम जमानिया के समक्ष अपने-अपने दस्तावेजों के साथ पेश हो चुके हैं। वहीं, तहसील प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के निर्देश पर अंबेडकर जयंती के दिन विवादित जमीन की पैमाइश कर उसे चिन्हित करने और पत्थरगड़ी कराने का आदेश दिया गया था। हालांकि, इस कार्रवाई की जानकारी न तो सार्वजनिक रूप से दी गई और न ही अन्य पक्षों को कोई नोटिस जारी किया गया।
जब इस बात की भनक गांव के लोगों को लगी, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह से ही मौके पर जुट गए और प्रशासनिक टीम का इंतजार करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि बिना सभी पक्षों को जानकारी दिए इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।
हालांकि, स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची और दोपहर बाद तक पत्थरगड़ी की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। इससे गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
इस पूरे मामले पर जब एसडीएम जमानिया से बात की गई, तो उन्होंने इसे राजस्व से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही आदेश जारी किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पत्थरगड़ी की प्रक्रिया आगे भी कराई जाएगी। फिलहाल, मेदनीपुर गांव में इस जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है और ग्रामीणों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को किस तरह सुलझाता है और ग्राम समाज की जमीन को कब्जे से मुक्त करा पाता है या नहीं।





Comments