‼️कटान रोकने की मांग लेकर!..डीएम के जनता दर्शन में पहुंचे युवराजपुर के युवा‼️
- alpayuexpress
- 3 hours ago
- 2 min read
‼️कटान रोकने की मांग लेकर!..डीएम के जनता दर्शन में पहुंचे युवराजपुर के युवा‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त रविवार 30-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद अब कटान ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। जलस्तर बढ़ने के दौरान गंगा के रौद्र रूप से युवराजपुर समेत आसपास के कई गांवों में कृषि योग्य भूमि कटकर नदी में समाहित हुई थी। अब पानी घटने के साथ कटान की रफ्तार और तेज हो गई है। खेतों के लगातार गंगा में समाने से किसान अपनी जमीन, आजीविका और भविष्य को लेकर परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा कटान की समस्या आज की नहीं, बल्कि कई वर्षों से चली आ रही है। हर साल बड़ी मात्रा में कृषि योग्य भूमि गंगा में समाहित हो जाती है। किसानों के मुताबिक, युवराजपुर और आसपास के इलाकों में प्रत्येक वर्ष करीब 300 से 400 बीघा जमीन गंगा की कटान की भेंट चढ़ रही है। ऐसे में खेती पर निर्भर परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट लगातार गहराता जा रहा है।
इसी समस्या को लेकर शनिवार को युवराजपुर गांव के दर्जनों युवा गाजीपुर जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचे। युवाओं के हाथों में गंगा कटान से गांव और कृषि भूमि को बचाने की अपील वाले पंपलेट थे। उन्होंने जिलाधिकारी को अपनी समस्या से अवगत कराया और कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्रामीणों से उनका मांग पत्र लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि गाजीपुर में गंगा करीब 95 किलोमीटर की लंबाई में गुजरती है, जिसके चलते कई स्थानों पर कटान की समस्या सामने आती है। शेरपुर समेत अन्य गांवों में पहले भी कटान रोकने के लिए प्रभावी कार्य कराए गए हैं। अब युवराजपुर और सब्बलपुर के ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सिंचाई विभाग के माध्यम से कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार बोल्डर पिचिंग अथवा अन्य प्रभावी तकनीकी उपायों से कटान रोकने का प्रयास किया जाएगा।





Comments