‼️अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर!..ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन‼️
- alpayuexpress
- 1 day ago
- 2 min read
‼️अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर!..ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन‼️

राहुल पटेल क्राइम रिपोर्टर
जून मंगलवार 30-6-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर भांवरकोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 (NH-31) पर स्थित कुंडेसर शेरपुर मोड़ पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों ने सड़क पर बांस-बल्ली रखकर चक्का जाम कर दिया। दीनानाथ राम के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक हाईवे को पूरी तरह बाधित रखा, जिससे सड़क के दोनों ओर तीन से चार किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। जाम का असर सुरतापुर से लेकर पखनपुरा गांव तक देखने को मिला।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग कु़ंडेसर में बाजार की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन पर सोमवार को साप्ताहिक बाजार और प्रसिद्ध कार्तिक मेला लगता है। इसी परिसर में शिव मंदिर और संत रविदास मंदिर भी मौजूद हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो महीने पहले तहसील कर्मियों ने इस जमीन से अतिक्रमण हटवा दिया था। लेकिन दबंगों (बकनू राय, श्यामानंद यादव, धर्मेंद्र राम, खीचनू, भूवर राम आदि) ने इस सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर फिर से अवैध कब्जा कर लिया है।
हाथों में लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं
सुबह करीब साढ़े 10 बजे भारी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठी-डंडा और खाट (खूंटी) लेकर सड़क पर उतर आईं और रोड ब्लॉक कर दिया। प्रदर्शन में मुख्य रूप से मंजू, सुमन, रानी देवी, संजू देवी, आरती, मुनिया, शीला, पार्वती, राजवती, मंजू देवी, इंद्रावती, रीता, ललिता आदि महिलाएं शामिल रहीं। वहीं पुरुषों में दीनानाथ राम, दरोगा राम, राजकुमार, दीपक राम, अनिल कुमार, रामपति, हरिंदर, महेंद्र समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम
जाम की सूचना मिलते ही भांवरकोल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ नायब तहसीलदार नितेश शाही, कानूनगो कंगन राम और लेखपाल रामाश्रय यादव घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद नायब तहसीलदार नितेश शाही और थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों के साथ वार्ता हुई। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आगामी शुक्रवार, 3 जुलाई को तहसील कर्मी और पुलिस बल मौके पर रहकर हर हाल में अतिक्रमण साफ करा देंगे। इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। दो घंटे तक चले इस जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।





Comments