‼️21 बेटियों की शादी का खर्च उठाएंगे!..विधायक अंकित भारती,रामपुर माझा में होगा सामूहिक विवाह‼️
‼️21 बेटियों की शादी का खर्च उठाएंगे!..विधायक अंकित भारती,रामपुर माझा में होगा सामूहिक विवाह‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर शुक्रवार 27-11-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गरीब परिवारों की बेटियों की शादी किसी पिता के लिए सबसे बड़ी चिंता बन जाती है। आर्थिक तंगी के कारण कई माता-पिता अपनी बेटियों की शादी के सपने को पूरा करने के लिए वर्षों तक संघर्ष करते हैं। ऐसे में यदि कोई जनप्रतिनिधि इन परिवारों की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाकर बेटियों का हाथ पीले कराने की पहल करे तो यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की मिसाल बन जाता है।
इसी सोच के साथ समाजवादी पार्टी के सैदपुर विधायक अंकित भारती शुक्रवार को अपने निजी आवास रामपुर माझा में 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस विवाह समारोह में वर और कन्या दोनों पक्षों का खर्च शून्य होगा। शादी की पूरी जिम्मेदारी विधायक और उनके सहयोगियों ने उठाई है।
इस आयोजन में करीब सात हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं सभी 21 बेटियों को गृहस्थी बसाने के लिए बेड, अलमारी, सिलाई मशीन, गद्दा, कंबल समेत जरूरत के तमाम सामान दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक कन्या को सोने-चांदी के पांच आभूषण भी भेंट किए जाएंगे।समारोह की खास परंपरा भी आकर्षण का केंद्र होगी। सुबह 21 जोड़ों की 21 बारातें आएंगी। विधायक और उनके सहयोगी बाराती बनकर बारात का हिस्सा बनेंगे और बारात पहुंचने के बाद वही लोग कन्या पक्ष की ओर से घराती की भूमिका निभाकर बारातियों का स्वागत करेंगे।कार्यक्रम की आयोजक ज्योति पांडेय ने बताया कि पिछले करीब छह वर्षों में 365 कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है। उनका लक्ष्य कम से कम एक हजार बेटियों के हाथों में मेहंदी सजाकर उन्हें नए जीवन की शुरुआत कराना है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को छलावा बताते हुए इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
गौरतलब है कि अंकित भारती वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सबसे कम उम्र के विधायकों में शामिल हुए थे। यह आयोजन इस संदेश को भी मजबूत करता है कि बेटियों की शादी केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी गरीब पिता के सिर से बेटी की शादी का आर्थिक बोझ हटाना और उसे सम्मान के साथ विदा करना वास्तव में पुण्य और इंसानियत का काम है।





Comments