top of page
Search

‼️12 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम के पास पहुंचीं महिलाएं!..अगले मंगलवार बस्ती में होगी चौपाल‼️

  • alpayuexpress
  • 1 hour ago
  • 2 min read

‼️12 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम के पास पहुंचीं महिलाएं!..अगले मंगलवार बस्ती में होगी चौपाल‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ

अगस्त शुक्रवार 21-8-2026

गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर विकासखंड मरदह की ग्राम पंचायत रानीपुर स्थित मुसहर वनवासी बस्ती में रहने वाले परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। बस्ती में करीब 100 प्रतिशत परिवारों के पास शौचालय नहीं है। इसके अलावा पक्की नाली, इंटरलॉकिंग मार्ग, सड़क, पेयजल और आवागमन जैसी जरूरी सुविधाओं का भी अभाव है। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बस्ती की समस्याओं को लेकर महिलाओं और ग्रामीणों ने सृष्टि सेवा ट्रस्ट के सहयोग से जिलाधिकारी को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में सभी परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराने, परिवारों को घरौनी देने, पक्की नाली व इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराने तथा रानीपुर मुख्य मार्ग से बस्ती को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है। साथ ही हर घर नल योजना की व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग उठाई गई।

ग्रामीणों ने परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने व संशोधन, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने, आधार कार्ड बनवाने के लिए विशेष कैंप लगाने, पात्र परिवारों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के श्रम कार्ड बनवाने के लिए कैंप आयोजित करने की मांग भी की।

गुरुवार को करीब एक दर्जन महिलाएं अपनी मांगों को लेकर जनता दर्शन में पहुंचीं। महिलाओं के हाथों में अपनी समस्याओं से संबंधित तख्तियां थीं। जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं होने पर महिलाएं उनके कार्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी के चैंबर से बाहर निकलने तक इंतजार किया। जिलाधिकारी के बाहर आते ही महिलाओं ने एक बार फिर तख्तियां दिखाकर अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। जिलाधिकारी ने महिलाओं और ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी।

इसके बाद उन्होंने ग्राम चौपाल के माध्यम से समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले मंगलवार को रानीपुर की मुसहर बस्ती में ग्राम चौपाल आयोजित की जाए, जिसमें जनपद के विकास कार्यों से जुड़े सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई दशकों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान से भी कई बार समस्याएं बताईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका। अब जिलाधिकारी द्वारा गांव में ग्राम चौपाल लगाने के निर्देश से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो सकेगा।

 
 
 

Comments


Subscribe Form

  • YouTube
  • linkedin
  • twitter
  • facebook

©2020 by Alpayu Express. Proudly created with Wix.com

<script data-ad-client="ca-pub-7043038300255779" async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>

google.com, pub-7043038300255779, DIRECT, f08c47fec0942fa0

bottom of page