‼️सेवा और संवेदना की मिसाल!..मुहम्मदाबाद की मीरा राय ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग बांटी खुशियां‼️
- alpayuexpress
- Jun 20
- 2 min read
‼️सेवा और संवेदना की मिसाल!..मुहम्मदाबाद की मीरा राय ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग बांटी खुशियां‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जून शनिवार 20-6-2026
गाजीपुर:- दुनिया के हर माता-पिता अपने बेटे-बेटियों से यह उम्मीद रखते हैं कि वे उनके बुढ़ापे का सहारा बनेंगे, लेकिन आज भी समाज में ऐसे अनेक वृद्धजन हैं जिन्हें उनके अपने ही बेसहारा छोड़ देते हैं। ऐसे ही कई वृद्धजन गाजीपुर के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। यहां उनकी देखभाल विभाग द्वारा की जाती है, वहीं समय-समय पर समाजसेवी भी उनकी मदद के लिए आगे आते रहते हैं। इन्हीं समाजसेवियों में एक नाम मीरा राय का है, जो गाजीपुर के मुहम्मदाबाद क्षेत्र की निवासी हैं। वृद्धजनों के प्रति उनका विशेष लगाव और सेवा भाव अक्सर देखने को मिलता है। होली, दशहरा, दीपावली समेत विभिन्न त्योहारों पर वह वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को आवश्यक सामग्री, वस्त्र, भोजन तथा अपनों जैसा स्नेह प्रदान करती हैं। इसके साथ ही वे मौसमी फल भी वितरित करती रहती हैं। इसी क्रम में शनिवार को गाजीपुर के वृद्धाश्रम में एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब मीरा राय अपने साथ आम और मिठाइयां लेकर आश्रम पहुंचीं। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से वृद्धजनों को आम और मिठाई परोसी। इतना ही नहीं, उन्होंने आश्रम के बुजुर्गों के लिए विशेष भोजन की भी व्यवस्था कराई। वृद्धजनों ने प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण किया और उनके इस सेवा भाव की सराहना की।
इस अवसर पर मीरा राय ने कहा कि उन्हें वृद्धों की सेवा करने में परम सुख और आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने बताया कि सेवा और संस्कार की यह सीख उन्हें अपनी मां से मिली है। मां द्वारा दिखाए गए मार्ग पर वह निरंतर चल रही हैं और जीवनभर इसी प्रकार जरूरतमंद एवं वृद्धजनों की सेवा करती रहेंगी। मीरा राय के इस निस्वार्थ सेवा भाव ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम और संवेदनशीलता ही समाज की वास्तविक पहचान है।





Comments