⭕रोटरी क्लब वाराणसी गंगा ने मारवाड़ी!..बिरला अस्पताल और आईएमए को सौंपी तीन एंबुलेंस
- alpayuexpress
- 6 hours ago
- 3 min read
‼️समाज सेवा की मिसाल‼️
⭕रोटरी क्लब वाराणसी गंगा ने मारवाड़ी!..बिरला अस्पताल और आईएमए को सौंपी तीन एंबुलेंस

किरण नाई वरिष्ठ पत्रकार
जून सोमवार 22-6-2026
वाराणसी:- समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोटरी क्लब वाराणसी गंगा ने शनिवार को होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर तीन एंबुलेंस विभिन्न चिकित्सा संस्थानों को प्रदान कीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे, जिनके करकमलों द्वारा मारवाड़ी अस्पताल, बिरला अस्पताल तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) को एंबुलेंस की चाबियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब वाराणसी गंगा ने यह ऐतिहासिक कार्य कर समाज सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि इन एंबुलेंसों के माध्यम से अनेक मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी तथा कई लोगों की जान भी बचाई जा सकेगी। उन्होंने विशेष रूप से छोटी एवं आधुनिक एंबुलेंसों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इनका संचालन आसान होगा, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और संस्था देशभर में अनेक स्थायी सेवा परियोजनाओं का सफल संचालन कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि रोटरी फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष लगभग 30 हजार डॉलर की ग्रांट स्वीकृत की गई है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का यह महत्वपूर्ण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोटरी फाउंडेशन द्वारा लगभग 20 हजार डॉलर तथा रोटरी क्लब वाराणसी गंगा द्वारा 10 हजार डॉलर का योगदान प्रदान किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये मूल्य की जनसेवा संभव हो रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन एंबुलेंसों का वितरण किया गया है, जबकि तीन और एंबुलेंस जल्द ही उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने रोटरी क्लब वाराणसी गंगा की पूरी टीम को इस उल्लेखनीय कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना समाज के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष के.डी. अग्रवाल ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस परियोजना में सहयोग करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी स्वेच्छा से 10 हजार डॉलर का योगदान देकर इस सेवा कार्य में सहभागिता निभाई है।
विशिष्ट अतिथि दिनेश गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब वाराणसी गंगा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि क्लब अब तक 125 से अधिक सेवा परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुका है, जो उसकी सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कार्यक्रम का संयोजन धर्मेंद्र गोयल द्वारा किया गया, जबकि अतिथियों का स्वागत विनोद अग्रवाल ने किया। सचिवीय प्रतिवेदन रितेश कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन क्लब के चार्टर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश दीपक माली ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व गवर्नर हरिमोहन शाह, संजय अग्रवाल, बालाजी एवं उत्तम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं शशांक अग्रवाल, योगेश रुपानी तथा डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला डॉ. अनु अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों के निरंतर संचालन की अपेक्षा व्यक्त की।





Comments