सर्वाइकल कैंसर से बचाव को!..घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम,डीएम ने बनाई नई रणनीति
- alpayuexpress
- 4 hours ago
- 2 min read
सर्वाइकल कैंसर से बचाव को!..घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम,डीएम ने बनाई नई रणनीति

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जुलाई मंगलवार 28-7-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से किशोरियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान को गाजीपुर में अब नई कार्ययोजना के साथ गति दी जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर अभियान की प्रगति और आगामी रणनीति की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 43,000 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जाना है। हालांकि अभियान की शुरुआत बिना विस्तृत कार्ययोजना के होने के कारण अब तक केवल करीब 3,500 किशोरियों का ही टीकाकरण हो सका है।
टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अब माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित कई अन्य विभागों को भी अभियान से जोड़ा गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब घर-घर जाकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण करेंगी, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जा सके।
डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि एचपीवी एक ऐसा वायरस है, जो महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने कहा कि लगभग 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के मामलों में यही वायरस जिम्मेदार होता है, इसलिए समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी का टीका उपलब्ध है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

