‼️शादियाबाद में बैंक का मेगा शिविर!..मृतक खाताधारकों के परिजनों को मिले दो-दो लाख रुपये‼️
‼️शादियाबाद में बैंक का मेगा शिविर!..मृतक खाताधारकों के परिजनों को मिले दो-दो लाख रुपये‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर मंगलवार 24-11-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर आम आदमी की आर्थिक सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत मंगलवार, 24 नवंबर को ग्राम सभा कस्बा कोएरी, शादियाबाद में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जहां दर्जनों मृतक खाताधारकों के परिजनों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो-दो लाख रुपये के बीमा क्लेम के चेक सौंपे गए, वहीं वर्षों से निष्क्रिय पड़े बैंक खातों में जमा धनराशि भी खाताधारकों को वापस दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार की अगुवाई में हुआ। मुख्य अतिथि यूनियन बैंक के महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी, विशिष्ट अतिथि के.डी. गुप्ता तथा क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन एवं विनय शंकर सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शिविर का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उन परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना रहा, जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया था। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमित खाताधारकों की मृत्यु के बाद उनके नामित परिजनों को दो-दो लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इस पहल से यह संदेश दिया गया कि बैंकिंग योजनाओं के माध्यम से मुश्किल समय में भी परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सकता है।
इसके साथ ही बैंक की ओर से लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। ऐसे दर्जनों खाताधारकों को उनकी जमा धनराशि वापस दिलाई गई, जिनके खाते लगभग दस वर्षों से संचालित नहीं होने के कारण उनकी राशि आरबीआई के डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड में स्थानांतरित हो गई थी। बैंक की पहल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर खाताधारकों को उनकी धनराशि वापस दिलाई गई। इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रतीकात्मक डमी चेक भी प्रदान किए गए।
महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर में प्रधानमंत्री जनधन योजना, केवाईसी, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), ऋण तथा विभिन्न बैंकिंग एवं सरकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए। किसानों को केसीसी के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमा क्लेम के चेक नामित व्यक्तियों को वितरित किए गए।





Comments