‼️विधायक बेदी राम ने CM योगी से की मुलाकात!..जखनिया में तीन सड़कों को मंजूरी मिलने का दावा‼️
‼️विधायक बेदी राम ने CM योगी से की मुलाकात!..जखनिया में तीन सड़कों को मंजूरी मिलने का दावा‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अक्टूबर गुरुवार 15-10-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा कराने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के जखनिया विधायक बेदी राम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जखनिया विधानसभा क्षेत्र सहित गाजीपुर जनपद के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। विधायक के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कुछ प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित कार्यों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है।
विधायक बेदी राम ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इन सड़कों के निर्माण के लिए पहले भी प्रस्ताव भेजे गए थे, लेकिन अधिकारियों के स्तर पर प्रस्ताव निरस्त हो जाने के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। विधायक ने मुख्यमंत्री को इन सड़कों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इनके निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य सड़कों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने इन तीनों सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।
गाजीपुर में विश्वविद्यालय की मांग फिर उठाई
विधायक ने गाजीपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने बताया कि जनपद में 300 से अधिक महाविद्यालय होने के बावजूद विश्वविद्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना होने से जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें दूसरे जनपदों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नए विद्युत उपकेंद्रों का प्रस्ताव
जखनिया विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए विधायक ने सीखड़ी और बुजुर्गा में विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग रखी। उनका कहना है कि इन उपकेंद्रों के निर्माण से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
हथियाराम मठ और जखनिया में अस्पताल की मांग
क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विधायक बेदी राम ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर 50 बेड का अस्पताल तथा जखनिया में 100 बेड का अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इन अस्पतालों के बनने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूर जाने की मजबूरी कम हो सकती है। इसके अतिरिक्त धर्मार्थ कार्य योजना के तहत बुरहानपुर से सिद्धपीठ हथियाराम मठ तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी दिया गया। इस मार्ग के बेहतर होने से श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधा मिलने के साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
चुनाव से पहले सड़क निर्माण पूरा कराने का आश्वासन
विधायक बेदी राम ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि, कुछ योजनाओं की स्वीकृति मिलने में समय लग सकता है, लेकिन सड़कों से संबंधित कार्यों को चुनाव से पहले पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री स्तर पर मिली स्वीकृति के बाद इन विकास परियोजनाओं पर धरातल पर काम कितनी तेजी से शुरू होता है। फिलहाल, जखनिया क्षेत्र की सड़कों, बिजली, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर विधायक की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





Comments