‼️वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी!..उच्च शिक्षा शिक्षकों को मिली कैशलेस चिकित्सा योजना की सुविधा‼️
- alpayuexpress
- 1 hour ago
- 2 min read
‼️वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी!..उच्च शिक्षा शिक्षकों को मिली कैशलेस चिकित्सा योजना की सुविधा‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जुलाई रविवार 26-7-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े शिक्षकों के कल्याण के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के बाद अब प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया है। इस योजना के तहत अब शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना नकद भुगतान किए उपचार करा सकेंगे।
इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश के सभी जनपदों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से वर्चुअल माध्यम से किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जखनिया विधायक बेदी राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों से आए चयनित शिक्षकों को मुख्य अतिथियों द्वारा कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक चिंता से मुक्त करते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से उच्च शिक्षा के शिक्षक भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग कर रहे थे। कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन उनकी इस मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। वर्तमान सरकार ने उनकी वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए उसे धरातल पर उतारा है।
शिक्षकों ने कहा कि अब किसी भी गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में उन्हें इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से न केवल शिक्षकों बल्कि उनके परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे शिक्षक हित में सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए इसके लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया।





Comments