‼️रंगदारी और लूट के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार!..नकदी, तमंचे व चोरी की बाइक बरामद‼️
- alpayuexpress
- 1 hour ago
- 2 min read
‼️रंगदारी और लूट के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार!..नकदी, तमंचे व चोरी की बाइक बरामद‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त रविवार 2-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गहमर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर और लुटेरा सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी तथा उसका साथी समीम शाह शामिल हैं। दोनों पर लूट, रंगदारी, चोरी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी के साथ बकरा खरीदने के बहाने सुनियोजित लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे की बट से हमला कर उनसे 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली थी, जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके अलावा कामाख्या धाम स्थित एक मैरिज हॉल संचालक से फोन पर 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला भी सामने आया था। इन दोनों मामलों में थाना गहमर में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर रेवतीपुर बॉर्डर के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 90 हजार 620 रुपये नकद, एक सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान गाजीपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ में हुई कई आपराधिक घटनाओं से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी पर पहले से तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य वारदातों में भी इनसे पूछताछ कर रही है।





Comments