top of page
Search

‼️फुलवारी कला के श्रीराम जानकी धाम के!..सुंदरीकरण की मांग,आयुष राज्यमंत्री को सौंपा पत्र‼️

alpayuexpress
3 hours ago
2 min read

‼️फुलवारी कला के श्रीराम जानकी धाम के!..सुंदरीकरण की मांग,आयुष राज्यमंत्री को सौंपा पत्र‼️

किरण नाई वरिष्ठ पत्रकार

अक्टूबर शनिवार 3-10-2026

गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गंगा तट पर स्थित फुलवारी कला गांव के ऐतिहासिक एवं पौराणिक श्रीराम जानकी धाम के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसको लेकर धाम समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। समिति ने धाम परिसर के विकास के साथ ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। समिति की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया कि फुलवारी कला गांव में मोक्षदायिनी गंगा के तट पर स्थित श्रीराम जानकी धाम का धार्मिक और पौराणिक महत्व है। यहां स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं का लगातार आवागमन होता है। श्रद्धालु यहां पूजा-पाठ और दर्शन के साथ विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में भी शामिल होते हैं। ऐसे में धाम परिसर को व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की जरूरत है।

धाम समिति ने परिसर में बहुउद्देश्यीय सभागार बनवाने की मांग की है, ताकि धार्मिक आयोजनों और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को बेहतर स्थान मिल सके। इसके साथ ही पूरे परिसर में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था कराने का भी आग्रह किया गया है। समिति का कहना है कि इससे धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो सकेगी।

पत्र में धाम के प्रभातफेरी परिपथ और परिसर की जमीन को सीमेंटेड ईंट से पक्का कराकर सुंदर बनाने की मांग भी की गई है। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होने के साथ परिसर की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई गई है। इसके अलावा गंगा घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतीक्षालय, यज्ञ मंडप और बैठने की व्यवस्था कराने की आवश्यकता बताई गई है।

समिति पदाधिकारियों ने राज्यमंत्री से इन मांगों पर आवश्यक पहल करते हुए धाम के विकास और सुंदरीकरण के लिए संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। समिति का कहना है कि सुविधाएं बढ़ने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धार्मिक स्थल का स्वरूप भी बेहतर होगा। इस दौरान मंत्री के आवास पर धाम समिति के पदाधिकारी अरुण सिंह, अशोक सिंह, संजय सिंह, विशाल सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 
 
 

Comments


Subscribe Form

  • YouTube
  • linkedin
  • twitter
  • facebook

©2020 by Alpayu Express. Proudly created with Wix.com

<script data-ad-client="ca-pub-7043038300255779" async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>

google.com, pub-7043038300255779, DIRECT, f08c47fec0942fa0

bottom of page