‼️गांधी जयंती पर हेतिमपुर में चला!..स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने किया श्रमदान‼️
‼️गांधी जयंती पर हेतिमपुर में चला!..स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने किया श्रमदान‼️

किरण नाई,वरिष्ठ पत्रकार
अक्टूबर शनिवार 3-10-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को सदर ब्लॉक के हेतिमपुर गांव में My Bharat-मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान-सेवा पखवाड़ा’ के तहत स्वच्छता, सेवा और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और My Bharat Volunteers ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में My Bharat के वरिष्ठ सहायक एवं कार्यालय कार्यकर्ता सुभाष सर तथा My Bharat Volunteer के प्रशिक्षक अंगद यादव की उपस्थिति रही। सुभाष सर ने ग्रामीणों और स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए लोगों को साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इस दौरान बच्चों की सुरक्षा से जुड़े POCSO Act के प्रावधानों के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा और बच्चों के प्रति समाज की जिम्मेदारी पर चर्चा करते हुए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और रचनात्मक प्रस्तुतियों में भी सहभागिता की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अलावलपुर निवासी डॉ. चंदन यादव ने स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, स्वच्छ वातावरण अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
‘स्वच्छता ही सेवा है’ के संदेश के साथ हेतिमपुर गांव और पंचायत भवन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्रामीण महिलाओं और My Bharat Volunteers ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ वातावरण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसमें ग्रामीण महिलाओं और My Bharat Volunteers ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। लोगों से स्वच्छता को लेकर स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की गई।
इसके अलावा कार्यक्रम में NALSA (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) के तहत उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। लोगों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर पात्र व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन और संचालन में My Bharat Volunteer उजाला श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं, स्वयंसेवकों और कार्यक्रम से जुड़े सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली और अन्य जनजागरूकता गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित कराने में सहयोग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाना रहा। इस दौरान ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने स्वच्छता व सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों में निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।





Comments