प्रधानमंत्री बीमा योजना!..यूनियन बैंक ने पांच नामित परिजनों को सौंपे 10 लाख रुपये के बीमा चेक
- alpayuexpress
- 4 hours ago
- 1 min read
प्रधानमंत्री बीमा योजना!..यूनियन बैंक ने पांच नामित परिजनों को सौंपे 10 लाख रुपये के बीमा चेक

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जुलाई बुधवार 15-7-2026
गाज़ीपुर:-ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जनपद के अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों के परिजनों को बीमा राशि प्रदान करने के उद्देश्य से गाजीपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के अंतर्गत बीमाधारकों के पांच नामित (नॉमिनी) परिजनों को कुल 10 लाख रुपये के बीमा दावों के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की जनकल्याणकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य कम प्रीमियम में आम नागरिकों को दुर्घटना एवं जीवन बीमा का लाभ उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा की सुविधा प्रदान की जाती है। इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को कठिन परिस्थितियों में वित्तीय संबल मिलता है।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, वाराणसी अंचल के अंचल प्रमुख श्री टी. कामेश्वर राव ने लाभार्थियों के परिजनों को चेक प्रदान करते हुए कहा कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाएं ही नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक नागरिक इन योजनाओं से जुड़कर अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करें।





Comments