दिलदारनगर सब्जी मंडी में बढ़ी समस्याएं!..व्यापारियों ने कृषि मंडी परिसर में स्थानांतरण के लिए सौंपा ज्ञापन
- alpayuexpress
- 2 hours ago
- 2 min read
दिलदारनगर सब्जी मंडी में बढ़ी समस्याएं!..व्यापारियों ने कृषि मंडी परिसर में स्थानांतरण के लिए सौंपा ज्ञापन

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जून बुधवार 24-6-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर दिलदारनगर सब्जी मंडी के व्यापारियों ने वर्तमान मंडी स्थल पर व्यापार संचालन में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी गाजीपुर को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों ने मांग की है कि उन्हें शीघ्र ही दिलदारनगर स्थित कृषि मंडी परिसर में स्थानांतरित किया जाए, ताकि वे बेहतर वातावरण में अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से वे वर्तमान सब्जी मंडी में फल एवं सब्जी का व्यापार कर रहे हैं, लेकिन समय के साथ क्षेत्र की आबादी और यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। इसके चलते मंडी क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों का संचालन दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।
व्यापारियों के अनुसार बाहर से फल एवं सब्जी लेकर आने वाले बड़े वाहनों को मंडी तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संकरी सड़कों, भीड़भाड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण वाहनों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है बल्कि कई वाहन चालक भविष्य में यहां माल लेकर आने से भी कतराने लगे हैं।
ज्ञापन में व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर उन्हें आए दिन अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इससे व्यापारियों में असुरक्षा और मानसिक तनाव की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में स्वतंत्र और सुचारु रूप से व्यापार करना मुश्किल हो गया है।
व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दिलदारनगर कृषि मंडी परिसर में व्यापार संचालन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए। उनका मानना है कि कृषि मंडी परिसर में स्थानांतरण होने से यातायात की समस्या दूर होगी, व्यापार को नया विस्तार मिलेगा और ग्राहकों को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र के फल एवं सब्जी व्यापार को नई गति मिल सके।





Comments