‼️ट्रामा सेंटर को 24 घंटे पूरी क्षमता से चलाने की मांग!..डीएम के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन‼️
- alpayuexpress
- 17 hours ago
- 3 min read
‼️ट्रामा सेंटर को 24 घंटे पूरी क्षमता से चलाने की मांग!..डीएम के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन‼️

किरण नाई वरिष्ठ पत्रकार
सितंबर सोमवार 7-9-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर मेडिकल कॉलेज के पीछे गोराबाजार स्थित ट्रामा सेंटर को शीघ्र पूरी क्षमता के साथ संचालित करने और यहां मिलने वाली निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं को यथावत बनाए रखने की मांग को लेकर सोमवार को छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रामा सेंटर को बंद किए जाने अथवा वहां लगे उपकरण और अन्य सामान को किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रामा सेंटर जनपद के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा है। दुर्घटना, गंभीर चोट और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में इस केंद्र की अहम भूमिका है। ऐसे में इसे कमजोर करने या इसकी सुविधाओं में कटौती किए जाने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर के करीब 90 प्रतिशत उपकरण पहले ही सीएमओ कार्यालय की ओर से हटाए जा चुके हैं। ऐसे में सेंटर के भविष्य को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ट्रामा सेंटर को बंद करने या इसके उपकरण व सामान को अन्यत्र ले जाने की किसी भी प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए तथा इसे आवश्यक संसाधनों से लैस कर पूर्व की तरह प्रभावी बनाया जाए।
छात्रसंघ की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि ट्रामा सेंटर को मेडिकल कॉलेज अथवा किसी अन्य विभाग से संबद्ध किया जाता है तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। उनकी मुख्य मांग यह है कि ट्रामा सेंटर का मूल स्वरूप किसी भी स्थिति में नहीं बदला जाना चाहिए। यहां मरीजों को मिलने वाला इलाज, चिकित्सकों का परामर्श, एक्स-रे, सीटी स्कैन समेत अन्य आवश्यक जांच और दवाइयों की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रखी जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने ट्रामा सेंटर में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त संख्या में चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ की तैनाती करने की भी मांग की। कहा कि सेंटर को महज कागजों पर संचालित करने के बजाय 24 घंटे सातों दिन पूरी क्षमता से चलाया जाना चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और उन्हें दूसरे शहरों अथवा निजी अस्पतालों की ओर रेफर न होना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्र नेता प्रद्युम्न यादव ने कहा कि ट्रामा सेंटर गाजीपुर की जनता के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। इसका निःशुल्क और पूर्ण क्षमता से संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेंटर की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि भारी जन-संघर्ष के बाद ट्रामा सेंटर की स्थापना हुई थी। इसे बंद कराने अथवा इसकी सुविधाओं को समाप्त करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित में सेंटर को पूरी क्षमता से संचालित करने की दिशा में तत्काल कदम उठाने की मांग की।
पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने कहा कि ट्रामा सेंटर से जिले के बड़ी संख्या में लोगों की उम्मीदें जुड़ी हैं। प्रशासन को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस पूरे मामले में शीघ्र और स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए, ताकि लोगों के बीच बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सके।
पूर्व छात्रसंघ महामंत्री पिंटू यादव ने चेतावनी दी कि यदि ट्रामा सेंटर की निःशुल्क व्यवस्था में किसी प्रकार का परिवर्तन किया गया या इसे बंद करने का प्रयास हुआ तो छात्रसंघ और जनपद की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन प्राप्त करते हुए अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन को सक्षम अधिकारी को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य रेवतीपुर गोविंद यादव, छात्र नेता अखिलेश यादव, विवेक राजभर, रजनीश मिश्रा, बृजेश यादव, ऋषि यादव, अमन प्रधान, राहुल यादव, विकास यादव, राज पांडेय, शिवम गुप्ता, दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, प्रद्युम्न यादव समेत अन्य छात्र नेता और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।





Comments