‼️गाजीपुर के लाल!..अर्जुन अवार्डी हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का सांसद संगीता बलवंत ने किया सम्मान‼️
‼️गाजीपुर के लाल!..अर्जुन अवार्डी हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का सांसद संगीता बलवंत ने किया सम्मान‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर गुरुवार 19-11-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले गाजीपुर के लाल राजकुमार पाल इन दिनों अपने गृह जनपद में सम्मान और अभिनंदन से अभिभूत हैं। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें डीएसपी पद की जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया। वहीं, हाल ही में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड से नवाजा। इसके बाद से ही जिले में उनके स्वागत और सम्मान का सिलसिला लगातार जारी है।
इसी क्रम में एक दिन पूर्व गाजीपुर के प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन की ओर से उनका सम्मान किया था। वहीं, आज राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने आवास पर राजकुमार पाल का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सांसद ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों को पूरे जनपद के लिए गौरव बताया। अपने गृह जनपद में मिल रहे स्नेह और सम्मान से राजकुमार पाल भी काफी गौरवान्वित नजर आए। इस मौके पर राजकुमार पाल ने आगामी 2028 ओलंपिक को लेकर अपनी तैयारियों और लक्ष्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आगामी ओलंपिक के लिए एशियाई खेलों के माध्यम से क्वालीफाई करने की दिशा में टीम ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। अब उनके पास लगभग दो वर्ष का समय है, जिसमें व्यक्तिगत फिटनेस और खेल कौशल को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि ओलंपिक टीम में अपनी जगह सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि इस बार लक्ष्य सिर्फ पदक जीतना नहीं, बल्कि पदक का रंग बदलकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल करना है।
उन्होंने बताया कि टीम की छोटी-छोटी कमियों को दूर करने के लिए विदेशी कोच भी आ रहे हैं, जो अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों की बारीकियों पर नजर रखेंगे और उनकी कमजोरियों को दूर करने में मदद करेंगे। वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि राजकुमार पाल सिर्फ गाजीपुर की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर हैं। उनकी उपलब्धि ने जिले का मान-सम्मान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राजकुमार पाल ने अपनी मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर कई कहावतों को चरितार्थ किया है। विशेष रूप से 'गुदड़ी के लाल' वाली कहावत को उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सार्थक कर दिखाया है। ऐसे खिलाड़ियों पर पूरे जनपद को गर्व है और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।





Comments