⭕खाद की किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें किसान!..निर्धारित दर से अधिक वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई
‼️गाजीपुर में खाद की नहीं है कोई कमी..‼️
⭕खाद की किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें किसान!..निर्धारित दर से अधिक वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर गुरुवार 19-11-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जिले में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की चिंताओं के बीच जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि जिले में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि खाद की कमी को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। साथ ही निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत वसूलने वाले सचिवों और विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में लगभग 34,000 मीट्रिक टन यूरिया और 7,400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। कुछ दिन पूर्व सैदपुर क्षेत्र की सरकारी समितियों पर खाद की अनुपलब्धता की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी क्षेत्र से 600 मीट्रिक टन खाद सरकारी क्षेत्र में डायवर्ट कराई थी। इसके अलावा करीब 350 मीट्रिक टन खाद की नई खेप भी प्राप्त हुई है। आधी रैक मिल चुकी है और अगले 3 से 4 दिनों में डीएपी की एक और रैक आने की उम्मीद है। डीएम ने खाद की सरकारी दर स्पष्ट करते हुए बताया कि यूरिया की बोरी 266 रुपये और डीएपी की बोरी 1,350 रुपये निर्धारित है। इससे अधिक कीमत वसूलने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी समिति का सचिव जानबूझकर सोसायटी बंद रखता है या किसानों को खाद वितरण में बाधा डालता है तो किसान इसकी सूचना प्रशासन को दें। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई होगी। खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस की मदद से समितियों पर खाद वितरण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद खरीदें।





Comments