‼️गंगा के टापू पर फंसे 12 चरवाहे और!..2 हजार से ज्यादा भेड़ें,रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन‼️
- alpayuexpress
- 13 hours ago
- 2 min read
‼️गंगा के टापू पर फंसे 12 चरवाहे और!..2 हजार से ज्यादा भेड़ें,रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त सोमवार 31-8-2026
ग़ाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच 30 अगस्त की रात गाजीपुर में पुलिस और प्रशासन की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। ग्राम डूहिया सरैया, थाना सुहवल के पास गंगा नदी के बीच बने टापू पर अचानक पानी बढ़ने से 12 चरवाहे अपनी करीब 2,000 से 2,500 भेड़ों के साथ फंस गए। अंधेरे और बढ़ते पानी के बीच उनकी जिंदगी के साथ-साथ हजारों बेजुबान जानवरों की जान भी खतरे में थी।
चरवाहों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में एडीएम, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम तत्काल ददरी घाट पहुंची। रात के अंधेरे में टापू पर फंसे लोगों और भेड़ों की सही स्थिति का पता लगाना बड़ी चुनौती थी।

ऐसे में नाइट विजन ड्रोन कैमरे की मदद ली गई। ड्रोन से टापू की निगरानी कर फंसे हुए 12 चरवाहों और हजारों भेड़ों की सटीक लोकेशन चिन्हित की गई। इसके बाद फ्लड कंपनी पीएसी, पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नाविकों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बढ़ते जलस्तर, अंधेरा और नदी की तेज धारा के बीच करीब छह घंटे तक जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चला। बचाव टीमों ने बेहद सावधानी और साहस के साथ एक-एक कर सभी चरवाहों और भेड़ों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस पूरे अभियान में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और 12 चरवाहों के साथ 2,000 से अधिक भेड़ों को भी सकुशल बचा लिया गया। रेस्क्यू के बाद चरवाहों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, साहस और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। यह अभियान दिखाता है कि आपदा की घड़ी में प्रशासन की सतर्कता, आधुनिक तकनीक और स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।





Comments