‼️किसानों ने अफसरों के सामने रखीं समस्याएं!..लघु सिंचाई अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश‼️
- alpayuexpress
- 2 hours ago
- 2 min read
‼️किसानों ने अफसरों के सामने रखीं समस्याएं!..लघु सिंचाई अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त गुरुवार 20-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जिले के प्रत्येक विकासखंड से आए प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, बिजली, पशु टीकाकरण, कृषि योजनाओं और फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। किसान दिवस में सहायक अभियंता लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर परियोजना निदेशक ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी गाजीपुर ने किसानों को जानकारी दी कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र या स्वयं मोबाइल के माध्यम से तोरिया बीज की बुकिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत जिन किसानों ने कृषि यंत्रों की बुकिंग कराई है, उनके लिए ई-लॉटरी 20 या 21 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इसकी सूचना समाचार पत्रों और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से किसानों को दी जाएगी।
पीएम किसान योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री अभियान 16 से 21 अगस्त 2026 तक ग्रामवार चलाया जा रहा है। जिन किसानों का अंश निर्धारण हो चुका है लेकिन फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है, वे संबंधित लेखपाल, जन सेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द रजिस्ट्री करा लें।
बैठक में किसानों ने स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। भांवरकोल के सियाड़ी गांव के किसान शिवकुमार राय ने एफएमडी यानी मुंहपका-खुरपका बीमारी के टीकाकरण की मांग की। ताड़ीघाट के पवन यादव और मिर्जाबाद के जितेंद्र राय ने भी गांवों में पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
ढढ़नी के चंद्रबली राय ने जमानिया पंप कैनाल से निकलने वाले ताड़ीघाट रजवाहा और चौरी माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की। उतरौली के कृष्णानंद राय ने चेकडैम का स्ट्रक्चर खराब होने से करीब 150 हेक्टेयर खेत में पानी भरने की समस्या बताई। वहीं महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने और पकड़ी गांव में जर्जर विद्युत तार बदलने तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग भी किसानों ने रखी। एक किसान ने फ्रूट फ्लाई फोरेमैन और ल्योर का इस्तेमाल करने के बावजूद अमरूद की फसल को नुकसान होने की शिकायत की। कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं शिवकुमार राय ने आरोप लगाया कि फार्मर रजिस्ट्री में रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपाल द्वारा 500 से 1000 रुपये मांगने की बात कही। कृषि अधिकारी ने इस शिकायत की भी जांच कराने की बात कही।





Comments