अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के!..परिजनों से मिले डीएम-एसपी, हर संभव सहायता का दिलाया भरोसा
- alpayuexpress
- 5 hours ago
- 2 min read
अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के!..परिजनों से मिले डीएम-एसपी, हर संभव सहायता का दिलाया भरोसा

नेहाल अली ब्यूरो चीफ
फरवरी सोमवार 23-2-2026
गाज़ीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के परिजनों से मिलने सोमवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक शहीद के पैतृक आवास पहुंचे। अधिकारियों ने शहीद धीरज गुप्ता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए शासन व प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शहीद की माता, भाई दीपक, नीरज, बहनों एवं जीजा अवधेश सहित समस्त परिवारजनों से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने शहीद के भाई दीपक (बीएससी उत्तीर्ण) एवं नीरज (आईटीआई) को आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसरों के लिए प्रेरित करते हुए प्रशासन की ओर से हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि उन्होंने शहीद धीरज गुप्ता की बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर से दूरभाष पर बातचीत की है। इस दौरान शहीद को मिलने वाली बीमा राशि, अग्निवीर योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य देय लाभों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता होगी तो जिला प्रशासन तत्काल उपलब्ध कराएगा, ताकि परिजनों को सभी लाभ शीघ्र मिल सकें।
परिवार की भूमिहीन और कृषिहीन स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद की माता को आवासीय भूमि आवंटन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इससे उनके स्थायी आवास की समस्या का समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
परिजनों से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने शहीद धीरज गुप्ता की स्मृति में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावित कार्यों की घोषणा की। उन्होंने शहीद के घर तक संपर्क मार्ग निर्माण, खेल मैदान अथवा शहीद पार्क निर्माण एवं उसका नामकरण शहीद धीरज गुप्ता के नाम पर करने तथा कृषि भूमि का पट्टा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
इसके अतिरिक्त शहीद के घर के समीप सोलर हाई मास्क लाइट के बेस निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है और एक-दो दिनों में विद्युत पोल एवं लाइट स्थापित कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी और ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीद धीरज गुप्ता का बलिदान जनपद और देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन शहीद परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है और उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख औराई बृजमोहन मिश्र, उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी, राजस्व टीम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग देने की बात कही।





Comments