‼️कमलेश चौधरी के अंतिम संस्कार से पहले बवाल!..शव रखकर चक्काजाम, पुलिस पर पथराव,सीओ सिटी घायल‼️
- alpayuexpress
- 2 days ago
- 3 min read
‼️कमलेश चौधरी के अंतिम संस्कार से पहले बवाल!..शव रखकर चक्काजाम, पुलिस पर पथराव,सीओ सिटी घायल‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जून शुक्रवार 5-6-2026
गाजीपुर:-ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी का शव गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाने के बाद जिले में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया तथा पुलिस पर जमकर पथराव किया गया।
जानकारी के अनुसार, कमलेश चौधरी का शव गांव पहुंचने के बाद सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि कमलेश चौधरी के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए थे और उसका एनकाउंटर सुनियोजित तरीके से किया गया। इसी आरोप को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते 300 से अधिक लोग फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया। कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
इस दौरान महिलाओं की बड़ी संख्या भी प्रदर्शन में शामिल रही। कई महिलाएं शव से लिपटकर रोती-बिलखती रहीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करती रहीं। भावनात्मक माहौल के बीच विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र रूप लेता गया।
पथराव की इस घटना में सीओ सिटी शेखर सेंगर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने की सूचना है। इसके अलावा कई महिला पुलिसकर्मी और अन्य जवान भी चोटिल हुए। हालात बिगड़ते देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में प्रदर्शनकारियों का दबाव इतना अधिक था कि मौके पर मौजूद पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल, दंगा नियंत्रण उपकरणों और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान भीड़ में भगदड़ मच गई और कई लोग शव को छोड़कर वहां से भाग निकले।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और एम्बुलेंस के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस बीच कुछ पुलिसकर्मी बचाव के लिए होमगार्ड कार्यालय में चले गए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी वहां तक पहुंच गए और आसपास के क्षेत्रों में भी पथराव की घटनाएं सामने आईं। गोड़ा शहरी कॉलोनी मोड़ के पास भी तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कई परिवारों ने एहतियातन अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक योजना कमलेश चौधरी के शव को लेकर शहर के एक प्रमुख स्थान पर विरोध प्रदर्शन करने की थी, लेकिन बाद में रणनीति बदलकर फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग को प्रदर्शन का केंद्र बनाया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते अतिरिक्त पुलिस बल नहीं पहुंचता तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद पूरे फुल्लनपुर क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घायल पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उधर, पुलिस ने उपद्रव और पथराव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।
स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस कमलेश चौधरी के शव को श्मशान घाट ले गई, जहां परिवार के सीमित सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस पर पथराव और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा





Comments