‼️सड़कों पर मौत का खतरा,खेतों में फसलों पर कहर!..छुट्टा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग‼️
- alpayuexpress
- 16 hours ago
- 2 min read
‼️सड़कों पर मौत का खतरा,खेतों में फसलों पर कहर!..छुट्टा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
जुलाई शुक्रवार 10-7-2026
गाज़ीपुर:- खबर गाजीपुर जिले से हैं जहां हाईवे पर घूम रहे छुट्टा पशु सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं, वहीं किसानों की फसलें भी लगातार बर्बाद हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। रोज़ाना हाईवे पर घूम रहे छुट्टा पशु सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं, वहीं किसानों की महीनों की मेहनत भी खेतों में बर्बाद हो रही है। स्थानीय लोग प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
जनपद में लगभग 44 गौशालाओं के संचालन के बावजूद बड़ी संख्या में छुट्टा पशु आज भी सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। इन पशुओं की वजह से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं और कई मामलों में जान भी जा चुकी है। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक छुट्टा पशुओं के आ जाने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
केवल सड़क सुरक्षा ही नहीं, बल्कि यह समस्या किसानों के लिए भी गंभीर चुनौती बन चुकी है। रात के समय छुट्टा पशु खेतों में घुसकर धान, मक्का, सब्जियों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसलों की सुरक्षा के लिए उन्हें पूरी रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है, फिर भी उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशालाओं के संचालन के बावजूद छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित रखने की व्यवस्था प्रभावी नहीं है। परिणामस्वरूप पशु सड़कों और खेतों में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे आम नागरिकों और किसानों दोनों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि छुट्टा पशुओं को तत्काल गौशालाओं में पहुंचाने, उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा हाईवे और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि सड़क हादसों पर रोक लगे और किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें। वहीं जनपद में दो दिन पूर्व दौरे पर आए गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने छुट्टा पशुओं के सड़क पर घूमने के सवाल पर कहा था कि सरकार ऐसे पशुओं के लिए गौशाला चला रही है और कहीं भी अब हाईवे पर या सड़क पर इस तरह के पशु नहीं दिख रहे हैं।

