‼️फूलन देवी जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन!..महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगे कार्यक्रम‼️
- alpayuexpress
- 2 days ago
- 2 min read
‼️फूलन देवी जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन!..महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगे कार्यक्रम‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त गुरुवार 6-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर 10 अगस्त को वीरांगना फूलन देवी की जयंती इस वर्ष समाजवादी पार्टी विशेष रूप से मनाने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के जिला उपाध्यक्षों एवं जिला सचिवों को प्रभारी नामित किया गया है। संबंधित विधानसभा के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता संयुक्त रूप से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं। साथ ही ऐसे स्थानों का चयन किया जा रहा है, जहां अधिक से अधिक संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
समाजवादी पार्टी का कहना है कि यह आयोजन केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी माध्यम बनेगा। पार्टी का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मसम्मान और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना है।
फूलन देवी का जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय की राजनीति का एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जाता है। कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई। बाद में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के प्रयासों से जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और समाजवादी पार्टी के टिकट पर दो बार लोकसभा सदस्य चुनी गईं।
समाजवादी पार्टी के नेताओं के अनुसार, 10 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में फूलन देवी के जीवन संघर्ष, महिलाओं के सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का मानना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।





Comments