⭕पीड़ित परिवार को ओमप्रकाश राजभर ने!..राहत राशि के साथ आवास और भूमि देने का किया ऐलान
- alpayuexpress
- 3 hours ago
- 2 min read
‼️मुख्यमंत्री के निर्देश पर!..कटरियां पहुंचे मंत्री और सांसद‼️
⭕पीड़ित परिवार को ओमप्रकाश राजभर ने!..राहत राशि के साथ आवास और भूमि का किया ऐलान

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अप्रैल शनिवार 25-4-2026
गाज़ीपुर:- खबर गाज़ीपुर जिले से है जहां पर विकास खण्ड करण्डा अंतर्गत ग्राम कटरियां में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव निवासी श्री सियाराम शर्मा की पुत्री ने 15 अप्रैल 2026 को जमानियां स्थित गंगा नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत तथा भाजपा से एमएलसी एवं जिलाध्यक्ष वाराणसी श्री हंसराज विश्वकर्मा स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
इस दौरान मंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परिवार को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सरकार की ओर से तत्काल राहत प्रदान करते हुए मृतका के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी दिया गया, जिससे परिवार को स्थायी छत मिल सके। इतना ही नहीं, परिवार की आजीविका को ध्यान में रखते हुए कृषि हेतु भूमि पट्टा आवंटन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री दिनेश कुमार तथा एसपी सिटी श्री राकेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई गई है और आगे भी हर आवश्यक सहायता जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने एक बार फिर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।





Comments