‼️द्वितीय पुण्यतिथि पर शिवमूर्ति सिंह को दी जाएगी श्रद्धांजलि!..14 नवंबर को जुटेंगे साहित्यकार और रंगकर्मी‼️
‼️द्वितीय पुण्यतिथि पर शिवमूर्ति सिंह को दी जाएगी श्रद्धांजलि!..14 नवंबर को जुटेंगे साहित्यकार और रंगकर्मी‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
नवम्बर गुरुवार 12-11-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जनपद के सुप्रसिद्ध रंगकर्मी स्वर्गीय शिवमूर्ति सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 14 नवंबर 2026, शनिवार को श्रद्धांजलि एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और रंगमंच के प्रति समर्पण पर आधारित पुस्तक ‘रंगकर्मी शिवमूर्ति सिंह की रंगयात्रा’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे गाजीपुर के मधुबाग स्थित कान्हा हवेली में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय शिवमूर्ति सिंह की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखना तथा रंगमंच और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में काशी के अवकाश प्राप्त आचार्य एवं हिंदी विभाग, बीएचयू के प्रो. (डॉ.) अवधेश प्रधान तथा विशिष्ट वक्ता के रूप में सुल्तानपुर के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राधेश्याम सिंह उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त सारस्वत वक्ता के रूप में गाजीपुर पीजी कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र प्रो. (डॉ.) श्रीकान्त पाण्डेय एवं बलिया के रंगकर्मी सुनील यादव अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीजी कॉलेज गाजीपुर के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह करेंगे, जबकि संचालन डी.ए.वी. इंटर कॉलेज गाजीपुर के प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार तिवारी करेंगे।आयोजकों का मानना है कि किसी व्यक्ति का भौतिक रूप से हमारे बीच न होना उसकी स्मृतियों और कृतित्व की समाप्ति नहीं है। विशेषकर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में समर्पित व्यक्तित्व अपने कार्यों के माध्यम से सदैव जीवित रहते हैं। इसी भावना के साथ इस आयोजन के माध्यम से स्वर्गीय शिवमूर्ति सिंह के रंगकर्म, संघर्ष और सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया जाएगा।कार्यक्रम के आयोजक कमलेश सिंह ‘लाला’ ने ददरीघाट एवं माध्यम नाट्य संस्थान परिवार, गाजीपुर की ओर से साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, रंगकर्मियों एवं नगरवासियों से समारोह में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।





Comments